कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक सिविक वॉलिंटियर को शराबियों ने सिर्फ इसीलिए पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया क्योंकि उसने उनके आपसी विवाद को रोकने की कोशिश की थी। मृतक की पहचान सनी के रूप में हुई है। 30 साल का सनी खिदिरपुर का रहने वाला था और कोलकाता के मैदान थाने में तैनात था।
शनिवार रात मजार के पास से उसका शव बरामद किया गया है। सिर, पैर, हाथ और अन्य अंगों पर चोट के निशान हैं। पूरा शव लहूलुहान है। रविवार सुबह लाल बाजार स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि सनी सिविक वॉलिंटियर होने के साथ-साथ घोड़ा का कारोबार भी करता था।
शनिवार की रात उसकी कोई ड्यूटी नहीं थी। घोड़े के लिए खाना लेने के लिए वह घर से निकला था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मैदान थाना क्षेत्र के मजार के पास कुछ लोग बैठकर शराब पी रहे थे और आपस में लड़ रहे थे। उन्हें समझाने के लिए सनी पहुंचा था। उसी समय उस पर हमले हुए हैं। सूत्रों ने बताया है कि शराबियों ने उसे ईंट से मार मार कर मौत के घाट उतारा है। पुलिस अपराधियों की खोज में जुट गई है। खबर है कि तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
यह खबर भी पढ़े: राम मंदिर निर्माण के लिए PM मोदी 5 अगस्त को करेंगे भूमि पूजन, दुनियाभर के राम भक्त उत्साहित
यह खबर भी पढ़े: Crime: जमीन बंटवारे में पिता को हिस्सा नहीं मिलने से नाराज बेटे ने दादा को उतारा मौत के घाट
