कोलकाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक अगस्त को लॉक डाउन की घोषणा करके भी ईद का हवाला देकर इसे शिथिल करने की घोषणा कर दी है। अब उसी तर्ज पर हिंदू जागरण मंच ने पांच अगस्त को राम मंदिर के शिलान्यास के मौके पर राज्य में लॉक डाउन शिथिल करने की मांग की है। संगठन के सचिव नवेंद्र कुमार बनर्जी ने मुख्यमंत्री के नाम एक चिट्ठी लिखी है। इसमें उन्होंने सीएम से अपील की है कि जिस तरह से उन्होंने इस्लामवादियों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए एक अगस्त को ईद वाले दिन लॉक डाउन को वापस लेने का निर्णय लिया है उसी तरह से पांच अगस्त को भी लॉक डाउन शिथिल रखा जाए क्योंकि उस दिन हिंदू समाज अपने आराध्य भगवान राम के मंदिर के शिलान्यास का जश्न मनाएगा, पूजा अर्चना दीपोत्सव आदि का आयोजन होगा।
बनर्जी ने अपनी चिट्ठी में लिखा है कि बहुप्रतीक्षित राम मंदिर निर्माण की आधारशिला रखा जाना पूरे देश के लिए उत्सव के समान है। ऐसे में अगर मुख्यमंत्री वाकई में लोगों की भावनाओं का ख्याल करती हैं तो जिस तरह से मुसलमानों के ईद पर लॉक डाउन वापस ली है उसी तरह से पांच अगस्त को भी लिया जाना चाहिए। उन्होंने अपनी चिट्ठी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ-साथ राज्यपाल जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी भेजी है।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में तेजी से बढ़ते जा रहे कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए पश्चिम बंगाल सरकार ने सप्ताह में दो दिनों के लॉक डाउन की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने एक अगस्त और आठ अगस्त को लॉक डाउन की घोषणा की थी लेकिन एक को ईद का त्यौहार होने की वजह से इस दिन लॉक डाउन को वापस ले लिया गया था। अब हिंदू जागरण मंच के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी ने भी पांच अगस्त को राम मंदिर शिलान्यास के मौके पर लॉक डाउन वापस लेने की मांग की है।
यह खबर भी पढ़े: गृहमंत्री अमित शाह के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा भी कोरोना संक्रमित हुए,खुद दी जानकारी
यह खबर भी पढ़े: रक्षाबंधन के त्यौहार पर गहलोत सरकार का बहनों को बड़ा तोहफा, आज सभी बसों में फ्री यात्रा कर सकेंगी महिलाएं…
