कोलकाता। पश्चिम बंगाल में तेजी से बढ़ते जा रहे हैं कोरोनावायरस का संक्रमण रोकने के लिए राज्य सरकार ने अधिक से अधिक संख्या में सैंपल जांच की शुरुआत कर दी है। पिछले 24 घंटे के दौरान 25,000 से अधिक लोगों के सैंपल जांचे गए हैं जिनमें से करीब 3000 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। गुरुवार को राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन में बताया गया है कि 24 घंटों के दौरान 2954 लोग इस महामारी की चपेट में आए हैं। हालांकि राहत की खबर यह है कि एक दिन में 2061 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।
इस महामारी की चपेट में आने वालों की कुल संख्या बढ़कर 86754 हो गई है जबकि स्वस्थ होने वालों की संख्या भी बढ़कर 61023 पर पहुंच गई है। चिंता वाली बात यह है कि पिछले 24 घंटे में कुल 56 लोगों की मौत हुई है जिसके बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 1902 हो गई है। हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक राज्य में अभी भी 23829 एक्टिव मामले हैं जो विभिन्न अस्पतालों में इलाजरत हैं। राज्य में रिकवरी रेट अब धीरे-धीरे बढ़ रहा है।
यह बढ़कर 70.34 फीसदी पर पहुंच गया है। हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक गुरुवार को एक दिन में कुल 25224 लोगों के सैंपल जांच हुए हैं। यह अब तक का सर्वाधिक है। राज्य में अब तक कुल 1028251 लोगों के सैंपल जांचे जा चुके हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि अधिक संख्या में सैंपल जांचे जा रहे हैं इसीलिए अधिक से अधिक लोग भी पॉजिटिव हो रहे हैं। इसमें चिंता की कोई बात नहीं है । रिकवरी रेट 70 के पार पहुंचा है जो राष्ट्रीय औसत की तुलना में ज्यादा है। अब तक जितने लोगों के सैंपल जांच हुए हैं उनमें से 8.44 फीसदी लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।
यह खबर भी पढ़े: दिल्ली सरकार ने उप-राज्यपाल को फिर भेजा साप्ताहिक बाजार और होटल खोलने की मंजूरी का प्रस्ताव
यह खबर भी पढ़े: ताई जू यिंग रिटायरमेंट की अटकलों पर लगाया विराम, एक साल तक और खेलना चाहती
