- आर्यिका सौम्य नंदी माताजी ससंघ का गनोड़ा में मंगल प्रवेश
दैनिक भास्कर
Jun 17, 2020, 07:47 AM IST
गनोड़ा. आर्यिका सौम्य नंदी माताजी का मंगलवार को गनोड़ा कस्बे में ससंघ मंगल प्रवेश हुआ। लोहारिया कस्बे से गनोड़ा की तरफ जब माताजी ने विहार किया तो गनोड़ा से युवक एवं युवतियों ने लोहारिया तक जाकर माताजी एवं उनके संघ का अभिनंदन किया। 108 आचार्य वसुनंदी महाराज की परम शिष्य माताजी सौम्य नंदी माताजी का मंगल प्रवेश चातुर्मास 2020 के लिए गनोड़ा में हुआ।
सौम्य नंदी माताजी केेेे साथ उनकी संघस्थ साध्वी आर्यिका वीरनंदी माताजी, सुयोग नंदी माताजी एवं श्रुत नंदी माताजी एवं ब्रह्मचारिणी दीदी सौम्या दीदी, रानू दीदी का मंगल प्रवेश मंगलवार को सुबह 9 बजे हुआ। समाजजनों ने जगह-जगह पर पाद प्रक्षालन व फूल बरसाकर से स्वागत किया। आर्यिका माताजी सुयोग नंदी व सौम्य नंदी जी के द्वारा मंगल प्रवचन सभी धर्मावलंबियों को आशीर्वाद स्वरुप दिए गए।
बालिकाओं द्वारा रंगोलियां बनाकर धर्म की महिमा का बखान किया गया। सुबह गनोड़ा के पुराना बस स्टैंड पर जैन साध्वियों का भव्य स्वागत गनोड़ा के दिगंबर जैन समाज एवं नरसिंहपुरा समाज के द्वारा किया गया। मार्ग में दो जगह जैन साध्वियों के पाद प्रक्षालन किये गए। माताजी के पाद प्रक्षालन के लिए विशेष मार्ग तैयार किया गया था।
कस्बे के पुराना बस स्टैंड एवं जैन मंदिर के पास टेबल पर थालियां क्रम से रखी गई थी और माताजी इन थालियों में कदम रखते हुए जैन मंदिर स्थल पर पहुंची। पूरे रास्तेे में युवाओं ने जय घोष एवं जैन धर्म के उद्घोष लगाए। चातुर्मास के मंगल प्रवेश के दौरान जैन समाजजनों ने जैन साध्वियों का अभिनंदन किया।