कोझिकोड। केरल के कोझीकोड स्थित करीपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई दुर्घटना में दोनों पायलट समेत मरने वालों की संख्या शनिवार सुबह तक 18 हो गई है। इस दुर्घटना में एयर इंडिया ने अपने दो जाबांज पायलट खो दिए।
प्लेन की क्रैश लैंडिंग के दौरान 59 साल के कैप्टन दीपक वसंत साठे और 33 साल के उनके को-पायलट अखिलेश कुमार की मौत हो गई। अखिलेश के मौत की खबर सुनकर परिवार में मातम पसर गया है। मथुरा निवासी अखिलेश की पत्नी मेघा गर्भवती हैं। 10 दिन बाद उनकी डिलीवरी होनी है।
अखिलेश के पैतृक गांव मोहनपुर में कोहराम मच गया है। वह तीन भाइयों से सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाई लोकेश गुरुग्राम में रहते हैं। अखिलेश कुमार कोरोना महामारी के चलते विदेशों में फंसे भारतीयों को लाने के लिए वंदे भारत मिशन में काम कर रहे थे।
एयर इंडिया विमान (IX-1344) में 190 लोग सवार थे, जिसमें 174 वयस्क यात्री, 10 बच्चे, 04 केबिन क्रू और 2 पायलट थे। घायलों को मल्लपुरम और कोझिकोड के अस्पतालों में एडमिट कराया गया है। विमान बारिश के कारण कोझिकोड हवाईपट्टी से फिसल गया और 35 फुट नीचे गिर गया और दो हिस्सों में टूट गया।
दुर्घटनाग्रस्त विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद
कोझिकोड एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों की जांच करने गई नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की एक टीम ने शनिवार को विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया है। ब्लैक बॉक्स फ्लाइट डेटा के अलावा पायलटों के बीच हुई बातचीत और साथ ही साथ उनके और एयर ट्रैफिक कंट्रोल टॉवर के बीच हुए संवाद को रिकॉर्ड करता है।
यह खबर भी पढ़े: सीएम मनोहर लाल ने की सुशांत सिंह राजपूत के पिता व बहन से मुलाकात, कहा- न्याय अवश्य मिलेगा