ख़बर सुनें
सार
दुनियाभर के लोग कोरोना वायरस संकट से जूझ रहे हैं। वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, पूरी दुनिया में कोरोना से चार लाख 46 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और 82 लाख 64 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं जबकि 43 लाख 21 हजार से ज्यादा लोगों ने कोरोना को मात दे दी है। यहां पढ़ें दुनियाभर में कोरोना से संबंधित सभी अपडेट्स…
विस्तार
कोरोना वायरस अपडेट्स:-
ऑस्ट्रेलिया ने वायरस को लेकर गलत सूचना देने का चीन और रूस पर लगाया आरोप
- ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री ने कहा है कि चीन और रूस पश्चिमी लोकतंत्रों को कमजोर करने के लिए ऑनलाइन गलत जानकारी फैलाकर कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के कारण बढ़ी चिंताओं का इस्तेमाल कर रहे हैं।
अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 740 की मौत
- जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक अमेरिका में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से 740 मौतें हुईं, अमेरिका में कोरोना वायरस से होने वाली मौतों का कुल आंकड़ा 1,16,854 हो गया है।
बीजिंग हवाई अड्डे से संचालित होने वाली 1255 उड़ानें रद्द
- चीन में दोबारा कोरोना वायरस के प्रसार के मद्देनजर बीजिंग हवाई अड्डे से संचालित होने वाली 1,255 उड़ाने रद्द कर दी गईं हैं। एएफपी समाचार एजेंसी के हवाले से एएनआई ने यह खबर दी है।
ब्राजील में एक दिन में 34 हजार से ज्यादा नए मामले
- ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि देश में मंगलवार को कोरोना के 34,918 नए मामले दर्ज किए गए हैं।
- यह देश में एक दिन में सामने आए मामलों की अब तक की सबसे अधिक संख्या है।
- इसके साथ ही कुल मामलों की संख्या अब 923,189 हो गई है। बता दें कि इससे पहले यहां 30 मई को एक दिन में सबसे ज्यादा 33,274 मामले सामने आए थे।
एरिजोना में रिकॉर्ड नए मामले दर्ज
- एरिजोना में मंगलवार को कोरोना के रिकॉर्ड मामले दर्ज किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने बताया है कि बीते रोज 2,392 नए मामले दर्ज हुए हैं और 25 लोगों की मौत हुई है।
- इसके साथ ही यहां कुल संक्रमित मामलों की संख्या 39,097 और मौतों की संख्या 1,219 हो गई है।
दावा: सॉमन मछली से आया वायरस
- डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, बीजिंग में सामने आए संक्रमण के नए मामले की शुरुआत कहां से हुई, यह अभी पुष्ट नहीं है, लेकिन दावा किया जा रहा है कि नए मामलों के पीछे सॉमन मछली है। इन मछलियों को नार्वे से आयात करने या फिर इसकी पैकेजिंग से संक्रमण फैलने की बात कही जा रही है।
न्यूजीलैंड में दो नए मामले
- हाल ही में कोरोना से संक्रमित आखिरी मरीज के ठीक होने के बाद न्यूजीलैंड में संक्रमण के दो नए मामलों की पुष्टि हुई है। हालांकि दोनों ही संक्रमित ब्रिटेन से आए थे। देश में अब तक कुल 1,156 मामले सामने आए हैं और 22 की मौत हुई। 24 दिनों बाद देश में कोरोना के दो मामले सामने आए हैं।
पाकिस्तान के दूरसंचार मंत्री संक्रमित
- पाकिस्तान के सूचना प्रौद्योगिकी और दूरसंचार मंत्री सैयद अमिनुल हक भी कोरोना से संक्रमित हो गए हैं।
- वहीं देश में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या डेढ़ लाख के करीब पहुंच चुकी है और 2,839 मरीजों की मौत हुई है।
- बता दें कि पाकिस्तान के दो पूर्व पीएम शाहिद खाकान अब्बासी और यूसुफ रजा गिलानी भी संक्रमित पाए गए थे।

