कोलकाता। टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की बहुचर्चित पत्नी हसीन जहां एक बार फिर सुर्खियों में हैं। वजह है कि राम मंदिर निर्माण की बधाई देने की वजह से उन्हें दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी दी गई है। पांच अगस्त को अयोध्या में हुए राम मंदिर भूमि पूजन पर हसीन जहां ने सोशल मीडिया पर बधाई दी थी।
लेकिन उनकी यह बधाई कुछ लोगों को नागवार गुजारी और उन्हें, उनके साथ दुष्कर्म कर जान से मारने की धमकी दी गई है। इतना ही नहीं सोशल मीडिया पर उनके साथ अश्लील भाषा का भी इस्तेमाल किया गया। हसीन ने मामले की गंभीरता को समझते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले का संज्ञान लेने का अनुरोध किया है।
शामी की पत्नी हसीन जहां ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि पांच अगस्त को जब अयोध्या में श्रीराम मंदिर का भूमि पूजन हुआ तो मैंने देश के समस्त हिंदू समाज को मुबारकबाद दी, क्योंकि हिंदू समाज भी हम मुस्लिम समाज के त्योहारों पर हमें बधाई देता है। लेकिन कुछ लोगों को यह नागवार गुजरा और उन्होंने मुझे सोशल मीडिया पर गालियां, जान से मारने और यहां तक की दुष्कर्म करने की धमकी भी दी है।
हसीन ने लिखा है कि देश के पीएम नरेंद्र मोदी जी, गृह मंत्री अमित शाह जी, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जी तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से अनुरोध है कि प्रशासन को इस मामले पर संज्ञान लेने का आदेश दें। हम सर्वधर्म समभाव रखने वाले देश के निवासी हैं, जहां ऐसी बात बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे मैं बेहद दुखी हूं। हसीन ने कहा है कि वह कोलकाता स्थित पुलिस मुख्यालय लाल बाजार में भी इसकी शिकायत करेंगी।
आपको बता दें कि हसीन जहां ने जो पोस्टर शेयर किया है उस पर श्रीराम और राम मंदिर की तस्वीर है। उस पर लिखा है कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर की भूमिपूजन के लिए समस्त हिंदू समाज को दिली मुबारकबाद। ढेर सारी शुभकामनाएं। हसीन जहां।
उल्लेखनीय है कि 2018 में हसीन अपने पति मोहम्मद शमी पर फिक्सिंग के आरोप लगाने के कारण सुर्खियों में आई थीं। इस मामले की सुनवाई अभी भी कोलकाता की कोर्ट में चल रही है।
यह खबर भी पढ़े: ‘खईके पान बनारस वाला’ पर क्यूट बेबी का डांस देख हैरान हुए अमिताभ, शेयर किया VIDEO
यह खबर भी पढ़े: आज भी मौजूद है यह अमूल्य पत्थर, जानकर आपके भी होश उड़ जाएंगे
