- देश में कोरोना से अब तक 8116 मौतें, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 3438 की जान गई
- एक महीने में मरीजों का रिकवरी रेट 11% बढ़कर 49.21% हुआ, अमेरिका से 10% ज्यादा
- स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, गुरुवार सुबह तक 1.37 लाख एक्टिव केस थे और 1.41 लाख स्वस्थ हो गए
दैनिक भास्कर
Jun 11, 2020, 07:47 PM IST
नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 लाख 89 हजार 936 हो गई है। भारत गुरुवार को मरीजों के मामले में स्पेन (2.89 लाख) से आगे निकल गया। अब हम दुनिया में 5वें स्थान पर आ गए हैं। फिलहाल, टॉप-7 संक्रमित देशों में अमेरिका, ब्राजील, रूस, ब्रिटेन, भारत, स्पेन और इटली हैं। लेकिन रिकवरी रेट में भारत अमेरिका से बेहतर है। यहां मरीजों के ठीक होने की दर 39.12% है जबकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक भारत में रिकवरी रेट बढ़कर 49.21% हो गई है।
इसके अलावा रिकवरी रेट ब्राजील में 51.14%, रूस में 51.97%, इटली में 72% है। ब्रिटेन और और स्पेन की सरकार ने कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा नहीं उपलब्ध कराया है। इसके चलते इन दो देशों का रिकवरी रेट नहीं पता चल सका है।
देश में अब तक 1.41 लाख मरीज ठीक हुए
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि अब देश में संक्रमितों से ज्यादा ठीक होने वालों की संख्या है। पिछले एक महीने में रिकवरी रेट में 11% की बढ़ोतरी हुई है। 18 मई को रिकवरी रेट 38.29% था। आज यह 49.21% हो गया है। अब तक देश में 1.41 लाख से ज्यादा लोगों को ठीक करके घर भेजा जा चुका है।’ सरकार के मुताबिक, 1 लाख 37 हजार 448 एक्टिव केस हैं और 1 लाख 41 हजार 29 मरीज ठीक हो गए।
इस तरह जब से लॉकडाउन शुरू मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ती गई, लेकिन उसके साथ स्वस्थ मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ। लॉकडाउन 4 के खत्म होने तक 93 हजार 322 मरीज ठीक हो चुके थे। यानी अनलॉक-1 में 47707 मरीज ठीक हुए, जो कुल स्वस्थ हुए मरीजों का 33% है।
दिल्ली का रिकवरी रेट सबसे कम
दिल्ली में संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पिछले 24 घंटों में यहां 1501 मरीज मिले। मंगलवार को 1366 मरीज थे। यानी मंगलवार से अब तक करीब 10 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई। वहीं, देश के सबसे ज्यादा प्रभावित 7 राज्यों में से दिल्ली का रिकवरी रेट 37.52% है, जो सबसे कम है। वहीं, राजस्थान का रिकवरी रेट 73.78% सबसे बेहतर है।

covid19india.org और राज्य सरकारों से मिले आंकड़ों के आधार पर बुधवार को पहली बार 11 हजार 156 से ज्यादा मरीज मिले। इससे पहले 7 जून को सबसे ज्यादा 10 हजार 884 कोरोना पॉजिटिव मिले थे। उधर, मध्यप्रदेश में भी अब 10 हजार से ज्यादा केस हो गए हैं। वह सातवां ऐसा राज्य बन गया है, जहां सबसे ज्यादा केस हैं।

5 दिन जब सबसे ज्यादा मामले आए
|
तारीख |
केस |
| 10 जून | 11156 |
| 9 जून | 8852 |
| 8 जून | 8444 |
| 7 जून | 10884 |
| 6 जून |
10428 |
कोरोना अपडेट्स
- इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने गुरुवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में एक लाख 51 हजार 808 सैंपल की जांच की गई। इसके साथ देश में 11 जून, सुबह 9 बजे तक 50 लाख 13 हजार 140 सैंपल की जांच की जा चुकी है।
- दिल्ली में सीआरपीएफ का चीफ मेडिकल (सीएमओ) ऑफिसर कोरोना पॉजिटिव मिला है। सीएमओ को ओखला में एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। इसके साथ सीआरपीएफ में संक्रमितों की संख्या 544 हो गई है। इनमें से 353 रिकवर हो गए हैं और चार की मौत हो गई।
- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पलानीसामी ने कहा कि राज्य में अभी कोरोना का कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं है। कुछ जिलों में कोरोना केस कम भी हुए हैं।
- चेन्नई के रॉयपुरम के एक शेल्टर होम में 35 बच्चे कोरोना पॉजिटिव होने की खबर पर सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार से रिपोर्ट मांगी है। साथ ही यह भी पूछा है कि बच्चों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए गए हैं।
5 राज्यों का हाल
मध्यप्रदेश: स्वास्थ्य विभाग के अफसर ने गुरुवार को बताया कि पिछले 24 घंटों में इंदौर में 41 नए केस मिले और दो मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ शहर में मरीजों की संख्या 3922 हो गई है और मौतें 163 हो गई है। उधर, जबलपुर में कोरोना से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 78% से ज्यादा है। शहर में कोरोना से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 222 हो गई। अब तक कुल 283 संक्रमित मिले। यहां अब तक 11 मरीजों ने दम तोड़ा।

उत्तरप्रदेश: उत्तर प्रदेश में कोरोनावायरस के संक्रमण में सुधार सामने आया है। बीते 24 घंटे में 277 नए मामले सामने आए। इससे पहले मंगलवार को 389 मरीज मिले थे। 20 मरीजों की मौत की भी पुष्टि हुई, जो अब तक की सबसे ज्यादा संख्या है। इसके साथ मृतकों का आंकड़ा 321 पहुंच गया है।
संक्रमितों की संख्या के मामले में कभी राजस्थान तो कभी उत्तरप्रदेश आगे निकल रहा है। covid19india.org के मुताबिक, गुरुवार सुबह तक दोनों के बीच करीब 10 मरीजों का अंतर था। उत्तर प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 11 हजार 610 थी, तो राजस्थान में यह नंबर 11600 था। अब फिर राजस्थान आगे निकल गया है।

महाराष्ट्र: राज्य में बुधवार को 3254 नए कोरोना मरीज मिले। यहां संक्रमितों की संख्या 94,041 हो गई है। बुधवार को राज्य में 149 कोरोना मरीजों की मौत हुई। इसके साथ मृतकों का आंकड़ा 3438 हो गया।

राजस्थान: राजस्थान में गुरुवार को कोरोना के 51 नए केस सामने आए। इनमें जयपुर में 16, अजमेर में 14, झुंझुनू में 8, अजमेर, झालावाड़ और कोटा में 2-2, बारां, भरतपुर, बीकानेर, गंगानगर, सवाई माधोपुर और टोंक में 1-1 मरीज मिला। इसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 11,651 पर पहुंच गया। वहीं, पिछले 12 घंटे में संक्रमण से 5 लोगों की मौत भी हो गई। इनमें जयपुर में 2, भरतपुर, दौसा में 1-1 मरीज की जान गई। इनके अलावा, दूसरे राज्य से आए एक व्यक्ति की भी मौत हुई। राज्य में संक्रमण से मौत का कुल आंकड़ा 264 पर पहुंच गया है।
बिहार: राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बुधवार को 243 कोरोना पॉजिटिव मिले। इसके साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या 5698 हो गई। मंगलवार को दो कोरोना मरीजों की मौत हुई थी। इनमें एक औरंगाबाद का एक दरोगा भी शामिल है।