न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मथुरा, Updated Thu, 13 Aug 2020 12:57 AM IST
ब्रज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। मथुरा में बुधवार रात 12 बजते ही श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर कन्हैया का जन्म हुआ। इस दौरान मूसलाधार बारिश हो रही थी। ऐसा दृश्य था मानो इंद्रदेव कान्हा का जलाभिषेक कर रहे हों। ‘नंद के आनंद भयो जै कन्हैया लाल की…’ जयकारे गूंजने लगे। जन्म होते ही ठाकुरजी का पंच गव्य से स्नान किया गया। गाय के दूध से अभिषेक होने के बाद ठाकुरजी का दही, घी, बूरा, शहद और दूध से दिव्य अभिषेक हुआ। पहली बार सरयू के जल से भी श्रीकृष्म का महाभिषेक किया गया। इसके साथ ही कान्हा की नगरी का राम नगरी अयोध्या से विशेष नाता जुड़ गया। यह पहला मौका है, जब भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बिना भक्तों के मनाया गया। कोरोना के कारण मंदिरों में भक्तों के प्रवेश पर रोक है।
