मालदा। नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का विरोध करने पर माता-पिता के साथ मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना मालदा जिला अंतर्गत मानिकचक के लक्खीकोल इलाके की है। घटना के कारण इलाके में तनाव है। इस घटना को लेकर शुक्रवार को नाबालिग छात्रा की मां ने मानिकचक थाने में चार युवकों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करायी है। चार आरोपी युवकों के नाम राम माझी सरकार, श्याम माझी सरकार, सुकुमार माझी सरकार और बाबलू मंडल हैं।
सूत्रों के अनुसार कक्षा सातवीं की छात्रा गुरुवार रात करीब नौ बजे पड़ोस के एक शादी घर में जा रही थी। आरोप है कि उसी समय पड़ोस के चार युवकों ने उसका रास्ता रोककर उसके साथ छेड़छाड़ की। किसी तरह वह खुद को बचाकर वहां से भागी और घर आकर अपने माता-पिता को सारी बात बतायी। आरोप है कि जब छात्रा के माता-पिता इसका विरोध करने वहां पहुंचे तो युवकों ने छात्रा के माता-पिता के साथ मारपीट की।
पड़ोसियों ने चारों युवकों के हाथों से माता-पिता को बचाया। युवकों की पिटाई से छात्रा के माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें मानिकचक ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता की मां ने बेटी से छेड़छाड़ के आरोप में शुक्रवार सुबह उन चारों आरोपितों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोपों के आधार पर पुलिस घटना की जांच में जुट गयी है।
यह खबर भी पढ़े: प्रदेश में अब तक 2,335 लोगों की संक्रमण से हो चुकी मौत, 50,426 सक्रिय मामले
