जयपुर17 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा। (फाइल फोटो)
- स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश में कहीं-कहीं सुपर स्प्रेडर के चलते राज्य में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हुई
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने मंगलवार को राज्य में स्वास्थ व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गांवों के बाद अब शहरी क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य मित्रों के चयन की प्रकिया शुरू की जाएगी। शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य मित्र चयनित करने का काम कोविड के चलते नहीं हो पाया था, लेकिन अब इसे जल्द ही शुरू किया जाएगा। जिससे कोरोना काल में स्वास्थ्य मित्रों की सेवाएं ली जा सके।
डॉ. शर्मा ने बताया कि आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने व चिकित्सकीय मदद के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में 80 हजार से ज्यादा स्वास्थ्य मित्रों का चयन कर लिया गया है। अब जल्द ही वार्ड वाइज संपूर्ण राज्य के शहरी क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य मित्रों के चयन का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
सुपर स्प्रेडर की जांच पर फोकस
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश में कहीं-कहीं सुपर स्प्रेडर के चलते राज्य में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। ऐसे मामलों पर नियंत्रण के लिए सुपर स्प्रेडर की जांच पर विशेष फोकस किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दूध बेचने वाले, सब्जी बेचने, किराना वाले, व्यापारी, डेयरी वाले या जो कोई भी इस श्रेणी में आते हैं, उनकी प्रभावी तरीके से जांच की जाएगी।
जिला अस्पतालों में ऑक्सीजन युक्त बैड में की जाएगी बढ़ोतरी
चिकित्सा मंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी जिला चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज से संबन्धित अस्पतालों में जल्द ही ऑक्सीजन युक्त शैय्याओं में बढ़ोतरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा जोर कोरोना से होने वाली मृत्युदर को कम करने पर है। ऎसे में रात्रि में ऑक्सीजन का सेचुरेशन कम होने के चलते मरीजों को ज्यादा परेशानी आती है, ऐसे में सभी अस्पतालों में प्रशिक्षित नर्सिंगकर्मी और स्टाफ लगाने के भी निर्देश दिए हैं।
जल्द दी जाएगी डॉक्टर्स और एएनएम-जीएनएम को नियुक्ति
डॉ. शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार की कोशिश है कि कोरोनाकाल व सामान्य दिनों में चिकित्सकों की कोई कमी नहीं रहे। इसके लिए 2 हजार डॉक्टर्स की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसमें आने वाली सभी परेशानियों को दूर कर लिया गया है। इन चिकित्सकों की जल्द ही नियुक्ति देने के भी निर्देश दिए जा चुके हैंं। इसी तरह 12.5 हजार एएनएम, जीएनएम की भर्ती में करीब 9 हजार को नियुक्ति दी जा चुकी है। शेष मामलों में से करीब 2.5 हजार ऐसे अभ्यर्थियों को चयनित कर उन्हें भी नियुक्ति देने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जो किसी भी तरह से न्यायिक प्रक्रिया से संबद्ध नहीं है।
सरकार की मंशा कोई ना बने कोरोना का ग्रास
डॉ. शर्मा ने बताया कि प्रदेश में कोरोना से पॉजिटिव से नेगेटिव होने वाले मरीजों का रेशो देश के दस बड़े राज्यों में बेहतरीन है। प्रदेश की मृत्युदर भी वर्तमान में तेजी से कम हो रही है। वर्तमान में प्रदेश में 1.4 प्रतिशत मृत्युदर है। उन्होंने कहा कि प्लाज्मा थेरेपी को बढ़ावा दिया जा रहा है। 40 हजार की कीमत के जीवनरक्षक इंजेक्शन भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं जोकि निशुल्क लगाए जा रहे हैं।
0
