- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Ganesh Ghogra Took Charge, CM Gehlot Said Rahul Gandhi Is Becoming Vocal Against The Wrong Policies Of The Center
जयपुर37 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
गणेश घोगरा को राजस्थान युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष का पदभार संभलवाते सीएम अशेाक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा व खेल मंत्री अशोक चांदना
- राहुल गांधी ने देश के युवाओं को शक्ति देने का काम किया: प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा
- घोगरा ने कहा- पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया, मेरा पहला धर्म उस कर्ज को उतारना होगा
राजस्थान प्रदेश युवा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गणेश घोगरा ने सोमवार को बानीपार्क स्थित प्रदेश युवा कांग्रेस मुख्यालय में पदभार ग्रहण किया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घोगरा को पदभार ग्रहण कराया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आज देश के लोकतंत्र को खतरा है, सीबीआई, इनकम टैक्स, ईडी आदि सभी संवैधानिक संस्थाओं का जिस प्रकार से दुरुपयोग हो रहा है, वैसा आजादी के बाद आज तक नहीं हुआ।
सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार की इन्हीं गलत नीतियों के विरुद्ध राहुल गांधी निरंतर मुखर हो रहे हैं। ऐसे में सभी युवाओं को आगे आकर उनका साथ देना चाहिए। ताजपोशी कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक सचिन पायलट सहित उनके खेमे के युवा नेताओं का नजर नहीं आना चर्चा में रहा।

पदभार ग्रहण समारोह में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उनके नजदीक खड़े नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गणेश घोगरा।
कोरोना काल में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सेवा करने की सीख मिली: सीएम गहलोत
सीएम गहलोत ने कार्यक्रम में मौजूद युवाओं से सोशल मीडिया के माध्यम से केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कोरोना काल ने जनता की सेवा करने की सीख दी। भाजपा पर आरोप लगाते हुए सीएम ने कहा कि वहां असंतोष तेजी से पनप रहा है, जिसका कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह की एकल चलो नीति है।

गणेश घोगरा को सूत की माला पहनाते हुए खेल मंत्री अशोक चांदना, नजदीक खड़े मुख्यमंत्री अशोक गहलोत।
राहुल गांधी ने देश के युवाओं को शक्ति देने का काम किया: प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि राहुल गांधी ने देश के युवाओं को शक्ति देने का काम किया है, कांग्रेस संगठन से लेकर चुनाव तक में युवाओं को उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार का वातावरण पूरे देश में चल रहा है। उसमें पूरे देश को सही दिशा देने का काम राहुल गांधी कर रहे हैं। डोटासरा ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गांव-गांव, ढाणी-ढाणी जाकर भाजपा के झूठे वादों को उजागर करने का आह्वान किया।

पदभार ग्रहण समारोह में मौजूद सैकड़ों कार्यकर्ता।
घोगरा ने कहा- पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है, मेरा धर्म उस कर्ज को उतारना होगा
कार्यक्रम में राजस्थान युवा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गणेश घोगरा ने कहा कि पार्टी ने उन्हें बहुत कुछ दिया है। ऐसे में उनका पहला धर्म उस कर्ज को उतारने का रहेगा। घोगरा ने युवा कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

राजस्थान युवा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गणेश घोगरा ने कहा कि पार्टी ने उन्हें बहुत कुछ दिया है। ऐसे में उनका पहला धर्म उस कर्ज को उतारने का रहेगा।
0