- Hindi News
- Business
- Mcap Of US Tech Companies Reached Overr 9 Trillion Dollars It Is More Than Market Value Of Entire Europe
नई दिल्ली39 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अमेरिकी टेक कंपनियों के 9.1 लाख करोड़ डॉलर के एमकैप में अकेले एपल का एमकैप 2 लाख करोड़ डॉलर से ज्यादा है
- यूरोप के सभी बाजारों में लिस्टेड सभी कंपनियों का कुल एमकैप 8.9 लाख करोड़ डॉलर है
- 2007 में यूरोपीय बाजार अमेरिका की टेक्नोलॉजी कंपनियों के एमकैप से चार गुना बड़ा था
अमेरिका की टेक्नोलॉजी कंपनियों को कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन (एमकैप) 9.1 लाख करोड़ डॉलर पर पहुंच गया है। यह पूरे यूरोप के सभी शेयर बाजारों में लिस्टेड सभी कंपनियों के कुल एमकैप से ज्यादा है। यह बात बैंक ऑफ अमेरिका की एक रिपोर्ट में कही गई है। रिपोर्ट के मुताबिक 2007 में यूरोपीय बाजार अमेरिका की टेक्नोलॉजी कंपनियों से चार गुना बड़ा था।
पहली बार अमेरिका के टेक सेक्टर का एमकैप यूरोप के एमकै से ज्यादा हुआ
बैंक ऑफ अमेरिका ग्लोबल रिसर्च ने एक रिपोर्ट में कहा कि पहली बार अमेरिका के टेक्नोलॉजी सेक्टर की कंपनियों का एमकैप (9.1 लाख करोड़ डॉलर) यूरोप के एमकैप से ज्यादा हो गया है। यूरोप के सभी बाजारों में लिस्टेड सभी कंपनियों का कुल एमकैप अभी 8.9 लाख करोड़ डॉलर पर है। इसमें ब्रिटेन और स्विट्जरलैंड के बाजार भी शामिल हैं।
अमेरिकी बाजार में फांग व अन्य टेक कंपनियों का है दबदबा
अमेरिकी बाजारों और इंडेक्स में इन दिनों फांग (एफएएएनजी) और कुछ अन्य टेक्नोलॉजी शेयरों का दबदबा है। इनमें हाल में बहुत ज्यादा उछाल देखा गया है। अमेरिका की पांच दिग्गज टेक कंपनियों को संक्षेप में फांग कहा जाता है। इनमें फेसबुक, अमेजन, एपल, नेटफ्लिक्स और अल्फाबेट (पुराना नाम गूगल) शामिल हैं।
एसएंडपी 500 में 20 फीसदी से ज्यादा है पांच टॉप टेक शेयरों की हिस्सेदारी
जनवरी में पांच टॉप टेक शेयरों एपल, माइक्रोसॉफ्ट, अल्फाबेट, अमेजन और फेसबुक की एसएंडपी 500 में 17.5 फीसदी हिस्सेदारी थी। कोरोनावायरस महामारी के दौरान विभिन्न फंड्स का निवेश टेक कंपनियों में बढ़ने से इंडेक्स में इन 5 शेयरों की हिस्सेदारी बढ़कर 20 फीसदी से ज्यादा हो गई। कुल 9.1 लाख करोड़ डॉलर के एमकैप में अकेले एपल का एमकैप 2 लाख करोड़ डॉलर से ज्यादा है।
10 साल में एसएंडपी 500 करीब 200% उछला, जबकि यूरो स्टॉक्स 50 महज 13.4% उछला
रिपोर्ट के मुताबिक पिछले एक दशक में अमेरिकी बाजार में भारी उछाल आने के कारण भी अमेरिकी टेक कंपनियों ने वैल्यूएशन के मामले में पूरे यूरोप को पीछे छोड़ दिया है। 2010 की शुरुआत से लेकर अब तक अमेरिकी इंडेक्स एसएंडपी 500 में करीब 200 फीसदी का उछाल आया है। इसी अवधि में यूरो स्टॉक्स 50 में महज 13.4 फीसदी का और ब्रिटेन के एफटीएसई100 में 11 फीसदी से कुछ कम का उछाल आया है।
0
