- राजधानी में कोरोना टेस्ट के लिए अब तक 1 लाख से ज्यादा सैंपलिंग हो चुकी है
- जयपुर में 2327 मरीजों के रिकवर होने पर किया डिस्चार्ज, अब 511 एक्टिव केस
दैनिक भास्कर
Jun 23, 2020, 12:03 PM IST
जयपुर. राजधानी में मंगलवार को एक बार फिर से कोरोना विस्फोट हुआ। यहां चिकित्सा विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट में 89 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए। इनमें करीब 50 से ज्यादा ऐसे प्रवासी राजस्थानी संक्रमित है, जो कि पिछले दिनों विदेश से वंदे भारत मिशन अभियान के तहत जयपुर आए थे। यहां विभिन्न होटलों में क्वारेंटाइन थे। वहीं, जयपुर में कोरोना से संक्रमित मरीजों की मौत का आंकड़ा बढ़कर 150 हो गया है।
जबकि, कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर कुल 2988 हो गई। वहीं, इनमें 274 संक्रमित प्रवासी राजस्थानी है।मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार जयपुर में अब तक 2327 मरीज रिकवर हो गए है। जिन्हें उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। यहां करीब 511 एक्टिव मरीज है। जिनका कोरोना वार्ड में उपचार चल रहा है। राजधानी में अब तक 1 लाख से ज्यादा सैंपल लिए जा चुके है।
वहीं, बात करें राजस्थान की तो यहां मंगलवार सुबह 199 कोरोना संक्रमित केस सामने आए। इनमें सबसे ज्यादा केस जयपुर में 89 थे। इसके अलावा धौलपुर में 49 केस मिले। यहां पिछले तीन दिनों में करीब पौने दो सौ केस सामने आए है। इससे धौलपुर में संक्रमितों का आंकड़ा 464 हो गया है।
