नई दिल्ली5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
फोटो दिल्ली मेट्रो के समयपुर बादली स्टेशन की है। यलो लाइन समयपुर बादली को हुडा सिटी सेंटर से जोड़ती है।
- कोरोना की वजह से देश में मार्च से मेट्रो ट्रेन सर्विस बंद थी, अनलॉक-4 में फेजवाइज चलाने का फैसला लिया गया
- दिल्ली के अलावा चेन्नई, बेंगलुरु, कोच्चि, हैदराबाद, जयपुर, नोएडा, लखनऊ और अहमदाबाद में मेट्रो शुरू
देश में पांच महीने बाद सोमवार से मेट्रो सर्विस शुरू हो गई है। दिल्ली, नोएडा, चेन्नई, बेंगलुरु, कोच्चि, हैदराबाद, जयपुर, लखनऊ और अहमदाबाद के लोग अब फिर से मेट्रो की सवारी कर पाएंगे। कोलकाता में 8 सितंबर से सर्विस शुरू होगी। कोरोना की वजह से 25 मार्च को पूरे देश में मेट्रो सर्विस बंद कर दी गई थी।
दिल्ली में 169 दिनों बाद मेट्रो सर्विस शुरू हुई है। पहले फेज में यलो लाइन रूट पर शुरूआत की गई है। यलो लाइन समयपुर बादली को हुडा सिटी सेंटर से जोड़ती है। मेट्रो के सफर में यात्रियों को मास्क पहनने जैसी कई शर्तें माननी होंगी। जयपुर मेट्रो के एक कोच में 50 से ज्यादा लोगों को एंट्री नहीं मिलेगी
दिल्ली में लोगों ने कहा- पैसा और समय दोनों बचेगा
दिल्ली में लोगों ने मेट्रो सर्विस शुरू करने का स्वागत किया। यात्रियों ने कहा, ‘यह अच्छा कदम है। मेट्रो से पैसा और समय दोनों बचता है। हम सभी को यात्रा करते समय सभी सावधानी रखनी चाहिए। सर्विस के घंटों को धीरे-धीरे बढ़ाया जाना चाहिए।’

फोटो दिल्ली के राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के एंट्री प्वाइंट की है। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग चेक के लिए हर स्टेशन पर पुलिस तैनात की गई है।

जयपुर: एक कोच में 50 लोग बैठ सकेंगे
जयपुर मेट्रो भी सोमवार को शुरू हो गई। यहां रात 10 बजे आखिरी ट्रेन चलेगी। सफर के दौरान यात्री रेड क्रॉस लगी सीट पर नहीं बैठ सकेंगे। एसी का तापमान 24 से 28 डिग्री के बीच ही रखा जाएगा। लिफ्ट की बजाय सीढ़ी का यूज करना होगा। एक कोच में ज्यादा से ज्यादा 50 लोग बैठ सकेंगे।
नोएडा: एक्वा लाइन पर शुरू
नोएडा में एक्वा लाइन पर मेट्रो सर्विस शुरू हो गई। एक यात्री ने कहा कि इससे पहले में कैब का इस्तेमाल करता था। इससे मुझे ज्यादा पैसे खर्च करना पड़ता था। मेट्रो सर्विस की वजह से मैं अपने पैसे की बचत कर पाऊंगा। लोगों को इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना चाहिए।
हैदराबाद: पहले दिन कम लोग पहुंचे
तेलंगाना के हैदराबाद में भी मेट्रो सर्विस शुरू हुई। हालांकि, पहले दिन कम लोग पहुंचे। फेज वन में रेड लाइन (एलबी नगर से मियापुर) के बीच मेट्रो चली।
कोच्चि: 20 मिनट के अंतर से चली
केरल के कोच्चि में पहले फेज के तहत सुबह 7 से 8 बजे तक 20 मिनट के अंतराल से मेट्रो सर्विस शुरू हुई है।
चेन्नई: ब्लू लाइन पर दौड़ी
तमिलनाडु के ब्लू लाइन पर मेट्रो ट्रेन दोड़ी। पहले दिन यहां भी कम यात्री नजर आए। ज्यादातर लोग मास्क पहने दिखे। कोच में सोशल डिस्टेंसिंग देखी गई।
कोलकाता: 8 सितंबर से शुरू होगी मेट्रो
कोलकाता में 8 सितंबर से अलग-अलग फेज में मेट्रो ट्रेन चलाई जाएगी। टोकन की व्यवस्था नहीं होगी। पहले से जिनके पास स्मार्ट कार्ड होंगे, वही यात्रा कर सकेंगे। नया स्मार्ट कार्ड फिलहाल जारी नहीं किया जाएगा। स्मार्ट कार्ड को ऑनलाइन रिचार्ज कराया जा सकेगा। जो ऑनलाइन नहीं कर पाते हैं, वो काउंटर पर रिचार्ज करवा सकेंगे।
केंद्र ने 7 सितंबर से फेज वाइज मेट्रो शुरू करने का ऐलान किया था
अनलॉक-4 में केंद्र सरकार ने 7 सितंबर से फेज वाइज मेट्रो शुरू करने का ऐलान किया था। इसके बाद 2 सितंबर को मेट्रो के लिए गाइडलाइंस जारी की गईंं। इसके तहत, यात्रियों को फेस मास्क पहनने के साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना है। सिर्फ स्मार्ट कार्ड से ही यात्रा कर सकेंगे। कैशलेस ट्रांजैक्शन होगा। इसके लिए ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की परमिशन होगी। कंटेनमेंट जोन में आने वाले मेट्रो स्टेशन फिलहाल बंद ही रहेंगे।

0
