- दस हजार बेड वाले कोविड केयर सेंटर का बड़ा हिस्सा 26 जून से शुरू हो जाएगा
दैनिक भास्कर
Jun 24, 2020, 08:59 AM IST
नई दिल्ली. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह को साउथ दिल्ली के छतरपुर में बनाए जा रहे 10 हजार बेड के कोविड केयर सेंटर का निरीक्षण करने के लिए पत्र लिखा। साथ ही उनसे सेंटर में आईटीबीपी और आर्मी के डॉक्टर और नर्स भी उपलब्ध कराने की मांग की।
इस संबंध में एक ट्वीटर पर गृहमंत्री अमित शाह ने केजरीवाल को जवाब दिया कि यह तीन दिन पहले ही तय हो चुका है। और गृहमंत्रालय ने दिल्ली के राधा स्वामी ब्यास में 10 हजार बिस्तर कोविड केयर सेंटर के संचालन का काम आईटीबीपी को सौंपा है।
सेंटर का काम पूरी तेजी से चल रहा है और एक बड़ा हिस्सा 26 जून तक शुरू भी हो जाएगा। इस पर केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि देश की सेना, डॉक्टर्स, सामाजिक संस्थाएं,केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार सभी दिल्ली के लिए एकजुट होकर काम कर रहे हैं।
मुझे पूरा यकीन है कि हम सब मिल कर कोरोना को हराएंगे। इस कठिन परिस्थितियों में दिल्ली सरकार और दिल्ली के लोगों की मदद करने के लिए शुक्रिया। बता दें यहां पर दूसरी बीमारी से पीड़ित या हल्के और बिना लक्षण के कोरोना पॉजिटिव मरीज को रखा जाएगा। जिनके घर में आईसोलेट रहने के लिए दो रूम या अलग से शौचालय की सुविधा नहीं है।
