- Hindi News
- National
- Mumbai Delhi Coronavirus News | Coronavirus Outbreak India Cases LIVE Updates; Maharashtra Pune Madhya Pradesh Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Punjab Bihar Novel Corona (COVID 19) Death Toll India Today
नई दिल्ली14 मिनट पहले
फोटो पश्चिम बंगाल के नादिया शहर की है। यहां बाई वीकली लॉकडाउन में मार्केट को सैनिटाइज करते कर्मचारी। पश्चिम बंगाल में अब तक 1.93 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
- मुंबई की मेयर किशोरी किशोर पेडणेकर और केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई
- देश में अब तक 76 हजार 425 लोगों की हो चुकी है मौत, 9.45 लाख मरीजों का चल रहा इलाज
देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 45 लाख 78 हजार 769 हो गया है। राहत की बात है कि इनमें 35 लाख 55 हजार 903 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9 लाख 45 हजार 779 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते अभी तक 76 हजार 425 लोगों की मौत हो चुकी है।
इस बीच, महाराष्ट्र में मरीजों की संख्या में जबरदस्त इजाफा होने लगा है। आज शाम तक यहां संक्रमितों का आंकड़ा 10 लाख के पार हो जाएगा। अभी तक भारत समेत दुनिया के चार देश ही हैं जहां 10 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें अमेरिका, ब्राजील और रूस शामिल है। राज्य में अब तक 41 लाख से ज्यादा लोगों की जांच हो चुकी है और इनमें 20.22% लोग संक्रमित मिले। यहां हर 10 लाख की आबादी में 32 हजार 313 लोगों की जांच हो रही है।
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी और मुंबई की मेयर संक्रमित
उधर, केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी मुंबई की मेयर किशोरी किशोर पेडणेकर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। दोनों ने ट्विट करके इसकी जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री ने लिखा, ”आज मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं अभी ठीक हूं। डॉक्टर से सलाह लिया है। पिछले कुछ दिनों में मेरे संपर्क में जो लोग आए हैं वो खुद को आइसोलेट कर लें और अपना टेस्ट कराएं।
वहीं, मेयर किशोरी किशोर पेडणेकर ने लिखा, ” मैंने अपना कोविड-19 टेस्ट कराया और उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉक्टर की सलाह पर मैं होम क्वारैंटाइन में हूं। मेरे संपर्क में आने वाले सभी लोगों से मैं अपील करती हूं कि वो या तो अपना टेस्ट करवा लें या फिर होम आइसोलेशन में चले जाएं।”

कोरोना अपडेट्स
- कोरोना के मरीजों से एंबुलेंस सर्विस के लिए ज्यादा शुल्क मांगने पर सुप्रीम कोर्ट ने चिंता जताई है। कोर्ट ने सभी राज्यों को एंबुलेंस सर्विस के लिए उचित शुल्क तय करने का निर्देश दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा है कि सभी राज्य महामारी से निपटने के लिए केंद्र की ओर से जारी की गई एडवाइजरी से बंधे हुए हैं और सभी राज्य सरकारों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोविड रोगियों को अस्पताल ले जाने के लिए प्रत्येक जिले में पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस उपलब्ध कराए जाएं।
- देश में मृत्युदर घट रही है। पिछले आठ दिन में यह 1.70% से घटकर 1.67% पर आ गई है। लेकिन पंजाब, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, उत्तराखंड, केरल और असम की बढ़ती मृत्युदर ने चिंता में डाल दिया है। दूसरी तरफ, सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, कर्नाटक, उप्र, तेलंगाना जैसे राज्यों में यह दर तेजी से कम हो रही है।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार सुबह 10 बजे अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, गुरुवार 96 हजार 551 केस आए और 1200 मरीजों ने दम तोड़ दिया। इसके साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 45 लाख 62 हजार 415 हो गई। इनमें से 9 लाख 43 हजार 480 एक्टिव मरीज हैं और 35 लाख 42 हजार 664 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं, अब तक 76 हजार 271 लोगों की मौत हो चुकी है।
- इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल (आईसीएमआर) ने बताया कि गुरुवार को देश में 11 लाख 63 हजार 542 सैंपल की जांच की गई। वहीं, अब तक 5 करोड़ 40 लाख 97 हजार 975 कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।
- दिल्ली में आज मैजेंटा लाइन पर मेट्रो ट्रेन शुरू हुई। लॉकडाउन की वजह से मार्च से यह सर्विस बंद थी।


यह फोटो दिल्ली के बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन का है।
अमेरिका की तुलना में भारत में करीब 3 गुना मरीज बढ़ रहे
अगर हम सबसे प्रभावित देश अमेरिका से तुलना करें तो पिछले पांच दिन में भारत में मरीजों की संख्या करीब तीन गुना बढ़ी है। गुरुवार को अमेरिका में सिर्फ 38 हजार 811 केस आए और 1090 लोगों की मौत हुई।

पांच राज्यों का हाल
1. मध्यप्रदेश
कोरोना महामारी को राज्य में शुक्रवार को 5 महीने 17 दिन हो गए। इस दौरान इस महामारी से लड़ने के लिए राज्य सरकार अब तक 350 करोड़ रु. खर्च कर चुकी है। इनमें से भी 125 करोड़ रुपए सिर्फ कोरोना की जांचों पर खर्च हुए। फिर भी संक्रमण बेकाबू है। गुरुवार को प्रदेश में रिकॉर्ड 2187 नए केस मिले।
राजधानी में 206 नए केस मिले, जबकि 5 मरीजों की मौत हो गई। इनमें 3 मरीज भोपाल के थे। कुल मरीज अब 13550 हो गए हैं। नए संक्रमितों में सर्वाधिक 25 मरीज होशंगाबाद रोड और 20 मरीज कोलार रोड की कॉलोनियों के रहने वाले हैं। इंदौर में गुरुवार को 326 नए केस मिले। छह की मौत हो गई। कुल मरीज 16090 हो गए हैं।

2. राजस्थान
राज्य में कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। गुरुवार को अब तक के सबसे ज्यादा 1640 नए संक्रमित मिले। इसी के साथ कुल मरीज 97 हजार 376 हो गए हैं। वहीं, 14 मौतें भी हुईं और मृतकों की कुल संख्या 1192 हो गई। गुरुवार को जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और अजमेर के दो-दो, सवाई माधोपुर, पाली, कोटा, चूरू, बाड़मेर और अलवर का एक-एक मरीज की जान गई।
गुरुवार को रतनगढ़ सीट से विधायक अभिनेष महर्षि और भोपालगढ़ सीट से आरएलपी विधायक पुखराज गर्ग की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके साथ राज्य में अब तक 14 विधायक संक्रमित हो चुके हैं। उधर, 10 दिन से बीमार बामनवास विधायक इंदिरा मीणा को सांस की तकलीफ बढ़ने और संक्रमण को देखते हुए जयपुर लाया गया।

3. बिहार
राज्य में पिछले 24 घंटे में 11 लाख 2 हजार199 सैंपल की जांच हुई। उधर, राजद के कद्दावर नेता इलियास हुसैन की पत्नी सलमा खातून (65) की गुरुवार देर रात मौत हो गई। उनकी कोरोना रिपोर्ट 24 अगस्त को पॉजिटिव आई थी।
उधर, पटना जिले में गुरुवार को 209 मरीज मिले। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 23116 हो गई है। इनमें 20911 मरीज ठीक हाे चुके हैं। अभी 2111 एक्टिव केस हैं। रिकवरी रेट 90% पर पहुंच गया है।

4. महाराष्ट्र
राज्य में शुक्रवार को कोरोना के मामले 10 लाख हो जाएंगे। अब तक 9 लाख 90 हजार 795 लोग संक्रमित हो चुके हैं। उधर, मुंबई के धारावी इलाके में 11 और मरीज मिले। इसके साथ यहां कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 2850 हो गई है। फिलहाल यहां सिर्फ 102 एक्टिव मरीज हैं।
उधर, मुंबई की महापौर किशोरी पेडनेकर की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। उन्होंने ट्वीट कर यह जानकारी दी।

5. उत्तरप्रदेश
राज्य में एक हफ्ते से 5 हजार से ज्यादा केस सामने आ रहे हैं। गुरुवार को 6 हजार 988 मरीज सामने आए। इसके साथ राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा अब 2 लाख 92 हजार 29 पर पहुंच गया है। इनमें 2 लाख 21 हजार 506 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 66 हजार 317 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। राज्य में अब तक 70.67 लाख कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।

