कोलकाता। तकनीक का हाथ पकड़कर तेजी से विकसित होती दुनिया में लोगों के बीच खत्म होते जा रहे परस्पर संबंध और संवेदनहीनता की वजह से लगातार बढ़ते तनाव जानलेवा साबित हो रहा है। एक बार फिर राजधानी कोलकाता में चंद घंटों के अंदर पांच लोगों ने खुदकुशी की है।
गुरुवार सुबह के समय कोलकाता के अति व्यस्त मेयो रोड के पास एक अधेड़ व्यक्ति का फंदे से झूलता शव बरामद किया गया है। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। मॉर्निंग वॉकर्स से सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची कोलकाता पुलिस की टीम ने उसे उतार कर औपचारिकताएं पूरी करने के लिए अस्पताल ले गई जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इलाके का सीसीटीवी फुटेज देखकर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने खुदकुशी कैसे की। मृतक की पहचान तलाशने में भी पुलिस की टीम जुट गई है।
इसी तरह से बुधवार रात 10:30 बजे के करीब नारकेलडांगा नॉर्थ रोड में भी 56 साल की अन्नपूर्णा बसाक नाम की एक महिला ने खुदकुशी कर ली है। उसने भी फांसी लगाई है। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि कई दिनों से तनावग्रस्त थी। इसके अलावा बुधवार शाम के समय हरिदेवपुर के बरदा सरणी इलाके में 39 साल के कालीपद बसाक नाम के व्यक्ति ने फांसी लगाकर जान दी थी। इसके अलावा हरिदेवपुर थाना क्षेत्र के कबरडांगा इलाके में 35 साल की तृषा दुआरी नाम की एक गूहवधु ने भी इसी तरह से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। पति के साथ लंबे समय से उसकी लड़ाई चल रही थी।
इसी तरह से बुधवार को ही कस्बा के नस्कारहट इलाके में एक तीन तल्ला मकान के अंदर अनुराग राउत नाम के युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी हैं। महज चंद घंटों के अंदर कोलकाता के अलग-अलग क्षेत्रों में इन 5 लोगों की खुदकुशी की घटना ने कोलकाता पुलिस को परेशान कर दिया है। उल्लेखनीय है कि सुशांत सिंह राजपूत ने जब खुदकुशी की थी तब कोलकाता पुलिस आयुक्त अनुज शर्मा ने एक बयान जारी किया था जिसमें लोगों को एक दूसरे से संपर्क सुदृढ़ करने और तनावपूर्ण परिस्थिति में बातचीत जारी रखने का सुझाव दिया था। कुछ दिनों पहले भी कोलकाता में एक साथ 7 लोगों ने अलग-अलग इलाके में फांसी लगाई थी और अब पांच लोगों की खुदकुशी ने सनसनी फैलाई है।
यह खबर भी पढ़े: पिंक ड्रेस में जरीन खान ने किया जबरदस्त डांस, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
यह खबर भी पढ़े: इंतजार ख़त्म/RPSC ने घोषित की 9 परीक्षाओं की तारीखें, जानिए कैसा रहेगा शेड्यूल

