- आलोक श्रीवास्तव होंगे जोधपुर पुलिस उपायुक्त(पश्चिम)
दैनिक भास्कर
Jul 04, 2020, 12:19 AM IST
जोधपुर. आईपीएस अधिकारी जोस मोहन जोधपुर के नए पुलिस कमिश्नर होंगे। वे प्रफुल्ल कुमार का स्थान लेंगे। जोधपुर के संभागीय आयुक्त व जिला कलेक्टर को बदलने के बाद राज्य सरकार ने आज 66 आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी की। इस तरह जोधपुर में प्रशासन व पुलिस टीम के मुखिया बदल गए है। वहीं संभाग में जैसलमेर, जालोर व सिरोही के पुलिस मुखिया बदल गए है।
जोस मोहन व प्रफुल्ल कुमार का आपस में एक-दूसरे के स्थान पर तबादला किया गया है। मोहन महानिरीक्षक बीकानेर रेंज के पद पर तैनात थे. इस पद पर अब प्रफुल्ल कुमार को नियुक्त किया गया है। आज शाम जारी तबादला सूची में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के उप महानिरीक्षक सवाई सिंह गोदारा का तबादला इसी पद पर जयपुर किया गया है। जयपुर एसओजी में उपमहानिरीक्षक के पद पर कार्यरत विष्णु कांत को गोदारा के स्थान पर जोधपुर लगाया गया है। इसी तरह जोधपुर में पुलिस उपायुक्त(पश्चिम) के पद पर कार्यरत श्रीमती प्रीति चंद्रा अब भीलवाड़ा की पुलिस अधीक्षक होगी। जबकि आलोक श्रीवास्तव अब जोधपुर के पुलिस उपायुक्त(पश्चिम) होंगे। संभाग में जैसलमेर की पुलिस अधीक्षक किरण कैंग सिंधु अब झालावाड़ की पुलिस अधीक्षक होगी। मोहनसिंह जैसलमेर के नए पुलिस अधीक्षक होंगे। पूजा अवाना का तबादला प्रतापगढ़ से पुलिस अधीक्षक सिरोही के पद पर किया गया है। सिरोही में कार्यरत कल्याणमल मीणा का तबादला जयपुर किया गया है। वहीं श्यामसिंह अब जालोर के नए पुलिस अधीक्षक होंगे। जालोर के वर्तमान पुलिस अधीक्षक हिम्मत अभिलाष टांक को पुलिस अधीक्षक सीआईडी सीबी, जयपुर के पद पर भेजा गया है।