- बिहार में अब तक कोरोना के 6043 केस सामने आए
- 35 मरीजों ने दम तोड़ा, रिकवरी रेट 54.87 प्रतिशत
दैनिक भास्कर
Jun 12, 2020, 05:59 PM IST
पटना. बिहार में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 230 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। यह एक दिन में स्वस्थ होने वाले मरीजों की सबसे अधिक संख्या है। इससे पहले नौ जून को 228, तीन जून को 222 और एक जून को 221 मरीज ठीक हुए थे। अब तक कुल 3316 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। राज्य का रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है। अब 54.87 प्रतिशत की रफ्तार से मरीज ठीक हो रहे हैं। आधे से ज्यादा मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। बीस दिन पहले रिकवरी रेट 26 फीसदी तक गिर गया था। बिहार अब राष्ट्रीय औसत की तुलना में आगे निकल गया है। देश का रिकवरी रेट 49 प्रतिशत है।
शुक्रवार को 95 कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई है। राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या 6043 पहुंच गई है। 3 मई के बाद आने वाले प्रवासियों में चार हजार से ज्यादा संक्रमित मिले हैं। यह कुल संक्रमितों का करीब 72 फीसदी है। अब तक एक लाख 16 हजार 671 सैंपल की जांच हुई है। हर 19 सैंपल में से एक केस पॉजिटिव मिल रहा है।
इस तरह ठीक हो रहे मरीज
| तारीख | मरीज |
| 12 जून | 230 |
| 11 जून | 152 |
| 10 जून | 164 |
| 9 जून | 228 |
| 8 जून | 137 |
| 7 जून | 107 |
| 6 जून | 65 |
| 5 जून | 113 |
| 4 जून | 95 |
| 3 जून | 222 |
