दैनिक भास्कर
Jul 12, 2020, 11:00 PM IST
पंचदेवरी. स्थानीय प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने सड़क पर लगातार जलजमाव होने से परेशान ग्रामीणों ने रविवार को जमकर हंगामा किया। हंगामे के कारण अफरा तफरी मच गई। इस हंगामे में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज कराने आए मरीज भी ग्रामीणों के साथ शामिल हुए।प्रदर्शनकारियों ने जनप्रतिनिधियों , स्थानीय प्रशासन व अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पानी में होकर जाना पड़ता है: ग्रामीणों का कहना था कि हॉस्पिटल में प्रवेश करते हो जलजमाव की समस्या से जूझना पड़ता है।जिससे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आने जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही हैं। इससे इन दिनों मरीजों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की परेशानी और बढ़ गई है।कई बार तो ऐसा होता है कि अस्पताल के सामने सड़क पर जलजमाव को देखकर कई मरीज बिना इलाज कराए ही वापस लौट जाते हैं।
मरीजों ने कई बार इसकी शिकायत अस्पताल प्रबंधन से भी की है लेकिन अस्पताल प्रबंधन द्वारा भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। कुसुम देवी ,विद्या सिंह, हरकेश श्रीवास्तव ,मुन्नी देवी, आरती देवी ,नृपत शर्मा ,तारा देवी, शांति देवी, कृष्णावती देवी, आदि ग्रामीण व स्वास्थ्य कर्मी इस समस्या को लेकर आवाज उठा रहे थे। ग्रामीणों का यह भी कहना था कि इस जलजमाव को लेकर उनके द्वारा जनप्रतिनिधियों से लेकर पदाधिकारियों तक को सुचना दी गई गई है ।
