कोलकाता। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों पर भारत- बांग्लादेश सीमा पर पशु तस्करों के लगातार हमले को लेकर बीएसएफ ने बांग्लादेश के बॉर्डर गार्ड्स (बीजीबी) के पास नाराजगी जताई है। पश्चिम बंगाल में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अपने एक जवान पर पशु तस्करों के हमले को लेकर विरोध पत्र सौंपा गया है।
बीएसएफ की ओर से शुक्रवार को बताया गया कि कांस्टेबल बुबई नुरुकी बुधवार शाम करीब चार बजे जब मुर्शिदाबाद जिले में जालांगी सीमा चौकी के निकट पशु तस्करी को रोकने का प्रयास कर रहे थे तो उनकी उंगली की हड्डी टूट गई। इस दौरान उन्होंने एक बांग्लादेशी तस्कर को पकड़ लिया।
बताया गया है कि जैसे ही बीएसएफ जवान ने एक पशु तस्कर को पकड़ा तभी उसके साथियों ने उनपर अचानक हमला कर दिया। इस संबंध में बांग्लादेशी सीमा प्रहरी बल (बीजीबी) को विरोध पत्र सौंपा गया है जिसमें उससे आग्रह किया गया है कि वह सुनिश्चित करे कि बांग्लादेश की तरफ से भारतीय क्षेत्र में कोई अपराधी न घुस पाए।
उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड्स की ओर से वहां के अखबारों में बीएसएफ के खिलाफ लगातार दुष्प्रचार फैलाया जा रहा है, जिसमें आरोप लगाया जाता है कि सीमा पर बांग्लादेशी नागरिकों के साथ बीएसएफ जानबूझ कर शख्ती बरतता है।
यह खबर भी पढ़े: कम नंबर आने पर मायूस बच्चों का आर माधवन ने बढ़ाया हौसला, शेयर किया अपना बोर्ड रिजल्ट
यह खबर भी पढ़े: कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा- कोरोना से लड़ने की बजाय BJP ने सत्ता लूटने का काम किया

