कोलकाता। महानगर कोलकाता में बिजली आपूर्ति करने वाली प्राइवेट कंपनी कोलकाता इलेक्ट्रिक सप्लाई कारपोरेशन (सीईएससी) पर राज्य सरकार सख्ती बरतने जा रही है। लॉक डाउन के दौरान बिजली बिल में लगातार हो रही गड़बड़ियों और उपभोक्ताओं को कई गुना अधिक बिजली बिल भेजने को लेकर सरकार के पास लगातार शिकायतें पहुंच रही थीं। यहां तक कि राज्य के बिजली मंत्री शोभन देव चटर्जी के घर भी चार गुना ज्यादा बिजली बिल भेजा गया है। इसके बाद राज्य सरकार ने सीईएससी को सख्त हिदायत दी है।
बिजली बिल भुगतान नहीं करने पर भी उपभोक्ताओं का कनेक्शन नहीं काटा जा सकेगा। ममता सरकार ने सीईएससी को इस बाबत सख्त हिदायत दी है। राज्य के बिजली मंत्री शोभनदेव चटर्जी बिजली बिल अधिक आने को लेकर सीईएससी की तरफ से दी गईं दलीलों से संतुष्ट नहीं हैं और अब राज्य सरकार की तरफ से बिजली आपूर्ति कंपनी को एडवाइजरी भेजने की तैयारी चल रही है, जिसमें स्पष्ट तौर पर कहा जाएगा कि बिजली बिल को लेकर जो त्रुटियां हैं, उसे एक महीने के अंदर ठीक करना होगा। अगर कोई उपभोक्ता उस समय तक बिजली बिल का भुगतान नहीं करेगा तो उसका कनेक्शन नहीं काटा जा सकेगा।
टॉलीवुड के कई कलाकारों ने भी भारी-भरकम बिजली बिल आने को लेकर नाराजगी जताई है। बिजली मंत्री ने इसे लेकर सीईएससी के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक भी की थी। उनकी दलीलों से वे संतुष्ट नहीं हुए।
यह खबर भी पढ़े: कोरोना संक्रमण से बेखौफ एक चिकित्सक मरीजों की चिकित्सा कर रहे हैं आखिर कैसे ?
