कोलकाता। उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा में एक छात्रा के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने के मामले में भारतीय जनता महिला मोर्चा ने ममता सरकार पर निशाना साधते हुए दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष अग्निमित्रा पाल ने आरोप लगाया कि चोपड़ा की 15 वर्षीय छात्रा ने इस वर्ष माध्यमिक परीक्षा दी थी। वह राजवंशी संप्रदाय की थी। उक्त छात्रा के साथ तृणमूल समर्थित बदमाशों ने दुष्कर्म किया गया और जहर खिलाकर हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि यह पहली घटना नहीं है, जब राजवंशी संप्रदाय को निशाना बनाया गया है, क्योंकि लोकसभा चुनाव में राजवंशी संप्रदाय ने भाजपा को समर्थन किया था।
इसके पहले भी राजवंशी संप्रदाय की जवा बर्मन और प्रमिला राय की इसी तरह दुष्कर्म कर हत्या की गयी थी। हाल में इसी संप्रदाय के भाजपा के विधायक देवेंद्रनाथ राय की हत्या की गयी और उसे आत्महत्या करार दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की मुख्यमंत्री एक महिला हैं, लेकिन महिलाओं के खिलाफ अत्याचार को लेकर चुप हैं।
दोषियों को सजा नहीं मिलती है, जबकि दिल्ली में दुष्कर्म की घटना घटी थी तो दोषियों को फांसी की सजा दी गयी। यहां हल्दिया एवं कामदुनी में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार हुआ, लेकिन कोई सजा नहीं मिली। उन्होंने कहा कि चोपड़ा की छात्रा का भाई भाजपा का बूथ अध्यक्ष है। भाजपा से जुड़े रहने के कारण छात्रा की हत्या की गयी। उन्होंने मांग की कि पाक्सो कानून के तहत दोषी को फांसी की सजा दी जाये। उन्होंने राज्य की महिलाओं से अत्याचार के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।
यह खबर भी पढ़े: कोरोना : अब एसएमएस बताएगा कि आप पॉजिटिव हैं या नेगेटिव
यह खबर भी पढ़े: विधायकों की खरीद- फरोख्त मामले की जांच के लिए विशेष दल गठित
