6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस में मुंबई पुलिस ने हाल ही में धर्मा प्रोडक्शन के सीईओ अपूर्व मेहता को पूछताछ के लिए समन भेजा था। जिसके बाद वे मंगलवार को पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज करा सकते हैं। इससे पहले सोमवार को पुलिस ने फिल्म मेकर महेश भट्ट ने सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में करीब दो घंटे तक पूछताछ की थी।
अपना बयान दर्ज कराने के लिए महेश भट्ट दोपहर 12 बजे पुलिस स्टेशन पहुंचे थे और 2 बजे तक उनसे पूछताछ हुई। बताया जा रहा है कि पुलिस ने उनसे सुशांत और रिया के रिश्तों के बारे में सवाल-जवाब किए। हालांकि, पूछताछ खत्म होने का बाद भट्ट मीडिया के किसी भी सवाल का जवाब दिए बिना वहां से चले गए।
करन जौहर से भी होगी पूछताछ
इस मामले में फिल्ममेकर और धर्मा प्रोडक्शन के मालिक करन जौहर से भी पूछताछ की जाएगी। न्यूज एजेंसी एएनआई ने सोमवार को मुंबई पुलिस के हवाले से इस बारे में ट्वीट किया था। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने करन जौहर से सुशांत के साथ बनाई उनकी फिल्म ‘ड्राइव’ के कॉन्ट्रैक्ट की कॉपी भी मांगी है।
उपमुख्यमंत्री के बेटे भी की सीबीआई जांच की मांग
अभिनेता की मौत के मामले में एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार के बेटे पार्थ पवार ने सीबीआई जांच की मांग की है। अपनी मांग को लेकर उन्होंने सोमवार को प्रदेश के गृह मंत्री अनिल देशमुख को एक पत्र सौंपा।
पुलिस पर भड़क गई थीं कंगना
धर्मा प्रोडक्शन के सीईओ को समन भेजने की बात सामने आने के बाद रविवार को एक्ट्रेस कंगना रनोट पुलिस पर भड़क गईं थीं और उन्होंने पुलिस से सुशांत हत्याकांड की जांच का मजाक नहीं बनाने के लिए कहा था। ये बात उनकी टीम ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखी थी।
टीम कंगना ने रविवार दोपहर दो ट्वीट किए थे। जिनमें से पहले ट्वीट में लिखा, ‘तो करन जौहर के मैनेजर को समन भेजा गया है, लेकिन आदित्य ठाकरे के बेस्ट फ्रेंड करन जौहर को नहीं। मुंबई पुलिस सुशांत सिंह राजपूत हत्याकांड की जांच का मजाक बनाना बंद करो।’
0
