- जर्जर सड़क पर कई जगह बने हैं बड़े-बड़े गड्ढे, दो पहिया व चार पहिया वाहनों की आवाजाही में होती है परेशानी
दैनिक भास्कर
Jun 15, 2020, 09:32 AM IST
हसनपुर. प्रखंड के हसनपुर बाजार इमली चौक के निकट नवनिर्मित सड़क पुल से लेकर मृत बागमती नदी के किनारे होते हुए रजवा रोड निरंकारी भवन तक बायपास खरंजा सड़क की स्थिति काफी जर्जर है। पिछले कई सालों से इस सड़क के जीर्णोद्धार नहीं किए जाने के कारण कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं। गड्ढे के कारण इस सड़क से होकर दो पहिया व चार पहिया वाहनों की आवाजाही में काफी परेशानी होती है। बारिश के समय में इस सड़क की स्थिति खराब हो जाती है। गड्ढे में कीचड़ व जलजमाव की स्थिति के कारण इस सड़क से होकर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। बताया जाता है कि रजवा रोड स्थित निरंकारी भवन के निकट से मृत बागमती नदी के किनारे होते हुए नवनिर्मित सड़क पुल होते हुए हसनपुर बाजार के इमली चौक तक जाने वाली यह खरंजा सड़क कई गांवों के लोगों के लिए प्रखंड कार्यालय, थाना व अस्पताल जाने का मुख्य रास्ता बन चुका है।
