- ज्योति पापा काे दिल्ली से 1200 किलोमीटर साइकिल चलाकर लाने सुर्खियों में आई थी
- अपनी चचेरी दादी की हालत देख उनकी बेटी कविता कुमारी की शादी कराने का फैसला लिया
दैनिक भास्कर
Jun 15, 2020, 11:16 PM IST
कमतौल. बिहार की साइकिल गर्ल ज्योति कुमारी ने एक बार फिर परिवार और समाज का दिल जीत लिया है। पापा काे दिल्ली से साइकिल से लाने पर देश और दुनिया में सुर्खियों में आई ज्याेति ने पुरस्कार में मिली राशि से अपनी गरीब बुआ की शादी कर दी। उन्होंने शनिवार काे दरभंगा के श्यामा माई मंदिर में शादी का आयोजन किया।
बताया जाता है कि ज्योति के दादा दो भाई थे। दोनों दादा कारी पासवान और शिवनंदन पासवान का निधन हाे चुका है। चचेरी दादी विधवा लीला देवी लकवा ग्रस्त हैं। ज्योति ने अपनी चचेरी दादी की हालत देख उनकी बेटी कविता कुमारी की शादी कराने का फैसला लिया। यह बात उसने अपने पिता और माता से कही। शनिवार की रात कविता की शादी समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के नाथुद्वार गांव के शिबू पासवान के पुत्र अरविंद पासवान के साथ श्यामा मंदिर में हुई।
डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका की तारीफ की थी
लॉकडाउन में बीमार पिता को साइकिल पर बैठाकर हरियाणा के गुरुग्राम से 1200 किलोमीटर दूर अपने घर दरभंगा पहुंचने वाली बिहार की बेटी ज्योति कुमारी की तारीफ पूरे देश में हो रही है। ज्योति ने सात दिन में गुरुग्राम से दरभंगा तक का सफर तय किया था। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप ने ट्वीट कर ज्योति कुमारी की सराहना की थी। उन्होंने ट्विटर पर ज्योति कुमारी की खबर को शेयर किया था और भारतीयों की सहनशीलता को सराहा था।
