कोलकाता। पश्चिम बंगाल में महामारी कोरोना के तेजी से प्रसार के बीच स्वस्थ होने वालों की संख्या अधिक होने का ट्रेंड बरकरार है। इसके साथ ही पॉजिटिव लोगों की संख्या भी बढ़ने के बजाय फटने लगी है जो राहत की खबर है। रविवार के बाद अब सोमवार को भी लगातार दूसरे दिन यहां 24 घंटे के दौरान स्वस्थ होने वालों की संख्या कोरोना पॉजिटिव होने वालों की संख्या से अधिक है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन में बताया गया है कि राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान कुल 407 लोग कोरोनावायरस पॉजिटिव हुए है। इसकी वजह से राज्य भर में इस महामारी की चपेट में आने वालों की कुल संख्या बढ़कर 11494 हो गई है। इधर कुल 434 लोग पिछले 24 घंटों में स्वस्थ हुए हैं जिसकी वजह से स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर 5494 हो गई है।

क्योंकि राज्य में स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़ रही है, इसलिए पॉजिटिव लोगों की संख्या भी घटने लगी है जिसकी वजह से उम्मीद की जा रही है कि बंगाल में अब हालात सुधरने की ओर बढ़ चले हैं। रविवार को जहां 5552 लोग कोरोना पॉजिटिव थे वहीं सोमवार को यह संख्या घटकर 5515 पर पहुंच गई है। इन लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। 24 घंटे के दौरान 10 लोगों की मौत हो गई है जिसकी वजह से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 485 हो गई है।

हेल्थ बुलेटिन में बताया गया है कि राज्य में स्वस्थ होने की दर बढ़ी है। अब तक यह 40-43 फ़ीसदी के आसपास थी जो सोमवार को बढ़कर 47.79 फ़ीसदी पर पहुंच गई है जो राहत की खबर है। हेल्थ बुलेटिन में बताया गया है कि एक दिन में राज्य में कुल 9509 लोगों के नमूने जांचे गए हैं। अभी तक कुल 343242 लोगों के सैंपल जांचे जा चुके हैं। इनमें से 3.35 फ़ीसदी लोग कोरोनावायरस पॉजिटिव निकले हैं।

फिलहाल 156528 लोग होम क्वॉरेंटाइन में हैं। बताया गया है कि राज्य में कुल 69 कोरोना समर्पित अस्पताल है जिनमें मरीजों का इलाज लगातार चल रहा है। बंगाल सरकार की ओर से बताया गया है कि अब राज्य भर की 42 लैब में कोरोना की जांच हो रही है।
यह खबर भी पढ़े: सुशांत के निधन से सदमे में हैं धर्मेंद्र, बोले- यह सुंदर सा ‘शो बिजनेस’ बहुत ही क्रूर है
यह खबर भी पढ़े: VIDEO: सुशांत के निधन के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा कंगना रनौत का बयान

