जयपुर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

जयपुर। शहर में हुई जोरदार बरसात से परकोटे के कई इलों में पानी भर गया। निवारू रोड पर भरा पानी। फोटो: मनोज श्रेष्ठ
- मंगलवार को कोटा, बारां, झालावाड़, बूंदी, टोंक, जयपुर तथा सवाईमाधोपुर जिलों में भारी बरसात की संभावना
प्रदेश में सावन के अंतिम सोमवार को मानसून जयपुर, दौसा, भरतपुर सहित आस-पास के इलाकों में जमकर बरसा। जयपुर और दौसा जिले में कुछ स्थानों पर सालों बाद बरसात का ऐसा नजारा देखने को मिला। जयपुर शहर में हुई तेज बारिश के दौरान सड़कें नदियां बन गईं। जयपुर में शहरवासियों की नींद बरसात की तेज आवाज से खुली। सुबह पांच बजे शुरू हुई बरसात सुबह सात बजे तक जारी रही। शहर के सीकर रोड ढेर के बालाजी के पास मुख्य सड़क पर तीन फीट तक पानी भर गया। बिजली विभाग के स्विच बॉक्स पानी में डूब गए जिससे कई जगहों पर बिजली गुल हो गई। शहर के सुभाष चौक इलाके में मोहल्ला पन्नीगरान में तो लड़कों ने बोट तक चला दी। जयपुर में करीब तीन घंटे में 34.8 मिमी बारिश हुई।

जयपुर में जोरदार बरसात से सुभाष चौक में भरा पानी।
जयपुर के बाहरी इलाकों मानसरोवर, सांगानेर, मालवीयनगर तथा चौमूं, कालाडेरा सहित ग्रामीण इलाकों में भी जोरदार बरसात हुई। प्रदेश में 24 मई को राजस्थान में प्रवेश के साथ ही मानसून कमजोर बना हुआ है। प्रदेश में इस सीजन 10 जुलाई तक 26 प्रतिशत कम बरसात हुई है।
दौसा जिले के पापड़दा में सालों बाद देखा ऐसा नजारा
दौसा जिले के पापड़दा में सुबह 4 बजे बाद आई बारिश 7 बजे तक जारी रही। लगभग तीन घंटे बरसे पानी ने लोगों को हिला दिया। बारिश से जगह जगह रास्ते अवरूद्ध हो गए। तेज बारिश से खेत जलमग्न होकर मेड टूटने से फसलों को कटाव लग गया। और फसलें पानी में डूब गईं।

जयपुर शहर के जलमहल क्षेत्र में भरा पानी। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को परेशानी हुई।
रामकेश हापावास ने बताया कि अरावली वन क्षेत्र के कालेडी बैडाखों, जौंण, थूमडी, जौंण, लाहडीवाला के पहाड़ी नालों में सालों बाद ऐसा पानी बहता देखने को मिला। बारिश से बैडाखों स्कूल के समीप रास्ता पहाड़ी पत्थरों के बहाव में आने से अवरुद्ध हो गया। नाले में पांच घंटे तक 6 फीट उंचाई व 80 फीट लम्बाई पानी की भारी आवक रही। वहीं कोलूखोरा के समीप पानी भरने से कालेडी बैडाखों गांव में जाने का सम्पर्क टूट गया। तीन जगह डामर सडक टूट गई। इसी तरह जौंण किला व थूमडी गांव के पहाडी नालों से बहकर कालाखों बांध में पहुंचने वाले पानी की पहाडी नदी भी कई घंटो तक बही। थूमडी के खट्यारा, बैडाखों, कालेडी, जौंण शीतलामाता मंदिर, लाहडीवाला, भगवामाता, पपलाजमाता माता मार्ग आदि के एनिकटों पर चार घंटे तक चादर चली।
बयाना आौर वैर में बरसे बादल
भरतपुर के बयाना में सोमवार दोपहर 9 और वैर में 19 एमएम बरसात रिकार्ड की गई। भरतपुर शहर में बीती रात को बरसात हुई। सुबह 8 बजे तक भरतपुर में 16, कुम्हेर में 22, नदबई में 36, डीग में 2, नगर में 18, सीकरी में 20, कामां में 37, बयाना में 11, वैर में 23, भुसावर में 27 और उच्चैन में 42 एमएम बरसात हुई है।

जयपुर के जलमहल इलाके में अपनी साइकिल लेकर पैदल जाता एक व्यक्ति।
छह शहरों में तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा
प्रदेश में अधिकांश शहरों में तेज गर्मी रही। छह कस्बों-शहरों का तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक रहा। फलौदी 40.0, श्रीगंगानगर 42.0 बीकानेर 41.4, जैसलमेर 41.3, बाड़मेर 40.2 तथा चूरू 40.1 डिग्री तापमान रहा। वहीं जयपुर में तापमान 32.0 डिग्री रहा लेकिन दिनभर उमस से लोग परेशान रहे।
आगे क्या
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को पूर्वी राजस्थान के कोटा, बारां, झालावाड़, बूंदी, टोंक, जयपुर तथा सवाईमाधोपुर जिलों में कहीं-कहीं भारी बरसात हो सकती है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में कहीं कोई चेतावनी नहीं है। आगामी सात तारीख तक प्रदेश के कई जिलों में भारी बरसात हो सकती है।
फोटो: मनोज श्रेष्ठ / इनपुट: प्रमोद कल्याण, राजेंद्र जैमन
0
