कोलकाता। भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष ने पश्चिम बंगाल पुलिस पर साधारण लोगों और भगवान राम की पूजा करने वालों पर भयंकर अत्याचार करने का आरोप लगाया है।
गुरुवार को सुबह के समय वह इको पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। वहां मीडिया से बात करते हुए कहा कि राम मंदिर भूमि पूजन के दिन राज्य भर में लोगों ने उत्साह मनाया, दिए जलाए, पटाखे फोड़े लेकिन पुलिस ने ऐसे लोगों को चुन-चुन कर गिरफ्तार किया और थाने में मारा-पीटा है। सबकुछ ममता बनर्जी के इशारे पर हो रहा है।
घोष ने कहा कि ममता बनर्जी की पुलिस को याद रखना चाहिए कि सरकार बदलेगी और उतना ही अत्याचार करें जितना वह अपनी पीठ पर सह सकती है, क्योंकि सरकार बदलने के बाद सबका हिसाब-किताब लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों की करामात को लाल डायरी में लिख रहा हूं। सूद के साथ वापस लौटाऊंगा।
उल्लेखनीय है कि राम मंदिर भूमि पूजन के दिन राज्यभर में लोगों ने जमकर उत्साह मनाया लेकिन अकेले कोलकाता में पुलिस ने 1000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। राज्यभर में 10000 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी की खबरें हैं जिसकी वजह से हिंदू समुदाय में गुस्से का माहौल है।
यह खबर भी पढ़े: सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर भावुक हुए शिवराज, कहा- दीदी ने कभी किसी को निराश नहीं किया
यह खबर भी पढ़े: राम मंदिर: भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद आग बबूला हुआ यह मुस्लिम नेता, कहा-मंदिर तोड़कर फिर से बनाई जाएगी मस्जिद
