सियोल/वॉशिंगटन23 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
कोरियाई प्रायद्वीप में परमाणु निरस्त्रीकरण को लेकर अमिरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प और उत्तर कोरियाई शासक किम जोंग उन के बीच 3 बार मीटिंग हो चुकी है। लेकिन, इनका कोई पॉजिटिव रिजल्ट नहीं निकला।- फाइल फोटो
- अमेरिकी सेना के मुख्यालय ने “नॉर्थ कोरियन टैक्टिक्स” के नाम से एक रिपोर्ट जारी की है
- नॉर्थ कोरिया के पास करीब 6000 हैकर्स हैं, जिनमें कई दूसरे देशों से काम करते हैं
नॉर्थ कोरिया के पास करीब 60 परमाणु बम है। यह दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा देश है, जहां करीब पांच हजार टन रासायनिक हथियार हैं। अमेरिका की आर्मी ने एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। सियोल की योनहैप न्यूज एजेंसी ने मंगलवार को एक रिपोर्ट में कहा कि अमेरिकी सेना के मुख्यालय ने “नॉर्थ कोरियन टैक्टिक्स” के नाम से एक रिपोर्ट जारी की है। कहा गया कि नार्थ कोरिया की ओर से इन हथियारों को छोड़ने की कोई संभावना नहीं है।
अमेरिकी रिपोर्ट में दावा
- नॉर्थ कोरिया के पास 20 से 60 परमाणु बम हैं। उसके पास हर साल करीब 6 नए बम बनाने की क्षमता है।
- उसके पास 20 अलग-अलग प्रकार के 2500 से 5000 टन रासायनिक हथियार हैं। इस बात की भी बहुत संभावना है कि नार्थ कोरिया की सेना तोपों में रासायनिक गोलों का इस्तेमाल कर सकती है।
- नॉर्थ कोरिया ने जैविक हथियारों पर शोध किया है। संभावना है कि उसने एंथ्रेक्स और चेचक को हथियार बनाया है, जिसका इस्तेमाल वह साउथ कोरिया, अमेरिका और जापान के खिलाफ कर सकता है। केवल एक किलोग्राम एंथ्रेक्स सियोल में करीब 50 हजार लोगों की जान ले सकता है।
- माना जा रहा है कि नॉर्थ कोरिया ने साइबर वॉर की भी क्षमता हासिल कर ली है। नॉर्थ कोरिया के पास करीब 6000 हैकर्स हैं, जिनमें से कई चीन, बेलारूस, मलेशिया, रूस और भारत से भी काम करते हैं।
ट्रम्प और किम जोंग उन के बीच अब तक तीन बार मुलाकात हो चुकी
कोरियाई प्रायद्वीप में परमाणु निरस्त्रीकरण करने को लेकर ट्रम्प और किम के बीच पिछले साल 12 जून को सिंगापुर में पहली बैठक हुई। दूसरी मुलाकात 28 फरवरी को वियतनाम में हुई थी, किम जोंग उन ट्रेन से 4 हजार किमी की यात्रा कर यहां पहुंचे थे। तीसरी बार ट्रम्प ने कोरियाई प्रायद्वीप के असैन्य क्षेत्र (डीमिलिट्राइज्ड जोन, डीएमजेड) में 30 जून को किम जोंग-उन से मुलाकात की थी। हालांकि, इन मुलाकातों का कोई पॉजिटिव रिजल्ट नहीं देखने को मिला।
साउथ कोरिया और अमेरिका के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू
साउथ कोरिया और अमेरिका ने मंगलवार को संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू कर दिया। यह अभ्यास 28 अगस्त तक चलेगा। शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक सैन्य अभ्यास दो चरणों में चलेगा। इसके पहले चरण में शनिवार तक डिफेंस पर फोकस किया जाएगा। जबकि, इसके बाद से 28 अगस्त तक काउंटर-अटैक पर फोकस होगा।
0
