- पटना में सुबह 10.37 से ग्रहण शुरू हुआ और दोपहर 2.10 बजे खत्म हुआ
- ग्रहण के दौरान भक्तों ने भजन-कीर्तन किया, इसके बाद स्नान कर शुद्ध हुए
दैनिक भास्कर
Jun 21, 2020, 01:56 PM IST
पटना. इस साल का पहला सूर्यग्रहण बिहार में सभी जगहों पर दिखाई दिया। पटना में सुबह दस बजकर 37 मिनट से ग्रहण शुरू हुआ और दोपहर दो बजकर दस मिनट तक रहा। इस दौरान सभी मंदिरों के कपाट बंद रहे और भक्तों ने भगवान का भजन-कीर्तन किया। ग्रहण खत्म होते ही लोगों ने स्नान किया।

बादलों में छिपा रहा सूर्य
बिहार के सभी जिलों में मॉनसून की बारिश हो रही है। कई जगहों पर अलर्ट जारी किया गया है। ज्यादातर जिलों में बादल छाए रहे। हालांकि, इस दौरान कई बार सूर्य निकला और लोगों ने खास तरीके के चश्मे के साथ सूर्यग्रहण को देखा।

पंडित प्रेम सागर पांडेय ने बताया कि ग्रहण खत्म होने के बाद लोगों को सबसे पहले स्नान करना चाहिए। नदी या तालाब न जाकर घर में ही स्नान करें। पवित्र नदियों के जल के साथ स्नान करने का विशेष महत्व है। ग्रहण के बाद यथाशक्ति दान करना चाहिए। ग्रहण काल में भोजन नहीं करें और पानी भी न पिएं। इस दौरान कहीं बाहर न निकलें और सूर्य को न देखें।
फोटो-दयानंद सिंह
