- कर्मचारी रनवे के दोनों ओर रहकर पटाखे फोड़कर और साउंड गन से पक्षियों को दूर भगाते हैं
- एयरपोर्ट प्रशासन ने इस संबंध में वन विभाग से भी बात की है, एक पिंजरा भी लगाया गया है
दैनिक भास्कर
Jun 21, 2020, 06:56 PM IST
जयपुर. (शिवांग चतुर्वेदी). जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इन दिनों जब फ्लाइट का संचालन बढ़ रहा है, तब नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने देश के सभी हवाई अड्डों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत हवाई अड्डों पर बर्ड हिट की घटनाओं को रोकने के लिए अधिक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। डीजीसीए द्वारा जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि लॉकडाउन के दौरान दो माह तक हवाई अड्डों पर फ्लाइट्स का संचालन नहीं हुआ था। इस दौरान एयरपोर्ट पर रनवे और आसपास के क्षेत्र में पक्षियों तथा अन्य जंगली जानवरों के आने की आशंका बढ़ गई है। ऐसे में सभी हवाई अड्डों को विशेष निगरानी रखनी होगी।
इसे देखते हुए जयपुर हवाई अड्डा प्रशासन ने पक्षियों को भगाने वाले कर्मचारियों को सतर्क कर दिया है। साथ ही, वन्यजीवों को एयरपोर्ट रनवे से दूर हटाने के लिए कवायद शुरू कर दी है। जयपुर एयरपोर्ट पर रोजाना 16 कर्मचारी पक्षियों को भगाने का कार्य कर रहे हैं, जिनमें से एक समय पर 8 कर्मचारी मौजूद रहते हैं। ये कर्मचारी एक ठेका कंपनी के मार्फत लगे हुए हैं जो रनवे के दोनों ओर रहकर पटाखे फोड़कर और साउंड गन से पक्षियों को दूर भगाने का कार्य करते हैं।
जयपुर एयरपोर्ट प्रशासन ने इस संबंध में वन विभाग से भी समन्वय किया हुआ है। यहां पर जगतपुरा नाले की तरफ एक पिंजरा भी स्थाई रूप से लगाया हुआ है, जिससे रनवे के आस पास आने पर वन्यजीवों को पकड़ा जा सके। रनवे पर गीदड़ और लोमड़ी जैसे वन्यजीवों के आने का खतरा रहता है। इस कारण विमानों की लैंडिंग के दौरान परेशानी हो सकती है।
