- एसीबी जयपुर देहात के एएसपी नरोत्तम वर्मा के नेतृत्व में टोंक रोड जयपुर में की गई कार्रवाई
- भरतपुर जिले के उद्योग नगर थाना इंचार्ज चन्द्रप्रकाश ने एसीबी मुख्यालय में शिकायत दी थी
दैनिक भास्कर
Jun 24, 2020, 11:43 PM IST
जयपुर. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) जयपुर देहात की टीम ने बुधवार को कार्यवाही करते हुए 5 लाख की रिश्वत लेते हुए एक दलाल को गिरफ्तार किया। जो भरतपुर रेंज पुलिस उप महानिरीक्षक लक्ष्मण गौड़ के नाम पर रिश्वत ले रहा था। आरोपी दलाल श्रीनाथ टूर एंड ट्रेवल्स के मालिक प्रमोद शर्मा है। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार किया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक डॉ. आलोक त्रिपाठी ने बताया कि भरतपुर जिले के उद्योग नगर थानाप्रभारी चन्द्रप्रकाश चौधरी ने एसीबी मुख्यालय पर शिकायत दी थी। जिसमें परिवादी चंद्रप्रकाश ने बताया था कि दलाल प्रमोद शर्मा मुझसे मेरी एसीआर सही करने एवं पुलिस सेवा में संरक्षण भरतपुर रेंज आईजी को दिलवाने की एवज में 10 लाख रूपये की रिश्वत की मांग कर रहा है।
टोंक रोड पर सोढानी स्वीट्स के पास रंगे हाथ पकड़ा
जिसके बाद एसीबी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयपुर देहात नरोत्तम वर्मा के नेतृत्व में उक्त मांग का सत्यापन करवाया गया। जिसके बाद आज ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। दलाल प्रमोद शर्मा को 5 लाख रूपए की रिश्वत जयपुर स्थिति टोंक रोड सोढानी स्वीट्स के पास से लेते हुए गिरफ्तार किया गया। इसके बाद एसीबी टीम ने प्रमोद शर्मा के मालवीय नगर स्थित आवास पर भी सर्च की। अग्रिम कार्यवाही जारी है।
आईजी रेंज के सरकारी आवास पर ठहरकर कॉल कर करता था वसूली
एसीबी में डीजी सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि पिछले लंबे अरसे से सूचना मिल रही थी कि प्रमोद शर्मा नाम का एक व्यक्ति भरतपुर में रेंज आईजी लक्ष्मण गौड़ के सरकारी आवास पर रुकता है और वह वहां रेंज में आने वाले भरतपुर, धौलपुर, सवाईमाधोपुर जिलों में थानाप्रभारियों और पुलिस अफसरों से पैसे वसूलता है। आरोप है कि प्रमोद शर्मा रेंज आईजी के सरकारी निवास पर लगे फोन से संतरी द्वारा अधिकारियों को फोन करवाता था। इसके बाद संतरी पुलिस अधिकारियों को प्रमोद शर्मा से बातचीत करने को कहता था। उनसे बातचीत में प्रमोद व्हाट्सएप पर कॉल करने को कहता था।
व्हाट्सएप पर कॉल कर आईजी रेंज से छूट या सहूलियत दिलवाने के बहाने मांगता था रिश्वत
एसीबी की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि प्रमोद शर्मा उन पुलिस अफसरों को कोई छूट दिलवाने, कोई काम करवाने के बहाने मोटी रकम रिश्वत में मांगता था। ऐसे में एसीबी की निगाह थी। इसी दौरान भरतपुर के उद्योग नगर थानाप्रभारी चंद्रप्रकाश चौधरी की शिकायत सामने आई। जिनसे 10 लाख रूपए मांगे गए थे। सौदा 5 लाख रुपए में तय किया। आज डिलीवरी टोंक रोड, जयपुर में देना तय हुआ। जहां एसीबी ने प्रमोद शर्मा को सीआई चंद्रप्रकाश चौधरी से रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
