- Hindi News
- Local
- Bihar
- Broken Gandak River Dam In Gopalganj And East Champaran, Water Filled In 1000 Villages, 12 year old Teenager Shed
7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पूर्वी चंपारण जिले के संग्रामपुर में टूटे चंपारण बांध से बहता पानी।
- लोग जान बचाने के लिए ऊंचे स्थान की ओर पलायन कर रहे हैं
- भवानीपुर में 10 फीट की चौड़ाई में गंडक नदी पर बना चंपारण बांध टूटा
नेपाल और उत्तर बिहार में पिछले चार-पांच दिन से हो रही बारिश के चलते गंडक नदी उफनाई हुई है। शुक्रवार को गोपालगंज और पूर्वी चंपारण में गंडक का बांध तीन जगह टूट गया। बांध टूटने से 1000 से अधिक गांव में पानी भर गया है। लोग जान बचाने के लिए ऊंचे स्थान की ओर पलायन कर रहे हैं। बांध टूटने से दोनों जिले के एक लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

घर में पानी भर जाने के चलते सुरक्षित स्थान की ओर जाते ग्रामीण।
देवापुर के पास सारण मुख्य बांध टूटा
गोपालगंज जिले के बरौली प्रखंड में देवापुर के पास सारण मुख्य बांध टूट गया है। पानी तेजी से एनएच 28 की ओर बह रहा है। एनएच पर पानी का दबाव बढ़ गया है, जिससे इसके कटने का खतरा है। हादसा रोकने के लिए कई जगह बैरिकेडिंग की गई है। वहीं, देवापुर में पानी की तेज धारा में एक 12 साल का किशोर बह गया है। उसकी तलाश की जा रही है। देवापुर के बाद मांझागढ़ के पुरैना में भी सारण बांध टूट गया है, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई है।

अपने मवेशी और सामान लेकर ऊंचे स्थान की ओर जाते गांव के लोग।
भवानीपुर में टूटा चंपारण बांध
पूर्वी चंपारण जिले के संग्रामपुर प्रखंड के दक्षिणी भवानीपुर पंचायत के निहालु टोला में करीब 10 फीट की चौड़ाई में गंडक नदी पर बना चंपारण बांध टूट गया है। बांध टूटने का दायरा बढ़ रहा है। पानी तेजी से आस-पास के करीब 600 गांव में फैल रहा है, जिससे गांव के लोग घर छोड़कर ऊंचे स्थान की ओर जा रहे हैं। एसएच 74 पर भी पानी चढ़ने लगा है। दक्षिणी भवानीपुर में गांव होकर नदी ने धारा बनाया है। डीएम और एसपी कैंप कर रहे हैं। एनडीआरएफ की कई टीम तैनात है। जवान लोगों को बचाकर सुरक्षित स्थान तक ले जा रहे हैं।
दरभंगा समस्तीपुर रेलखंड पर ट्रेन परिचालन बंद
हायाघाट मुंडा पुल तक पानी पहुंच जाने के चलते रेलवे ने सावधानी बरतते हुए दरभंगा समस्तीपुर रेलखंड पर ट्रेन परिचालन बंद कर दिया है। बिहार संपर्क क्रांति का रूट बदला गया है। अब ट्रेन सीतामढ़ी होकर जाएगी।
0