- देश में कोरोना से अब तक 15 हजार 689 संक्रमितों की मौत, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 7106 की जान गई
- झारखंड में 31 जुलाई और असम में 11 जुलाई तक लॉकडाउन बढ़ा, दिल्ली के स्कूल 31 जुलाई तक बंद रहेंगे
दैनिक भास्कर
Jun 27, 2020, 01:45 AM IST
नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 5 लाख 9 हजार 446 हो गई। शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन 18 हजार से ज्यादा केस बढ़े और 10 हजार 246 मरीज ठीक भी हो गए। वहीं, महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या डेढ़ लाख के पार हो गई। यहां एक दिन में सबसे ज्यादा 5024 संक्रमित मिले। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।
कोरोना के खतरे के मद्देनजर झारखंड सरकार ने लॉकडाउन 31 जुलाई तक बढ़ा दिया। असम में गुवाहाटी और कामरूप जिले में 14 दिन (28 जून से 11 जुलाई तक) के लिए लॉकडाउन का ऐलान किया है। उधर, दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बताया कि राजधानी में सभी स्कूल 31 जुलाई तक बंद रहेंगे।

संक्रमितों का आंकड़ा 5 लाख के पार
भारत में 5 लाख कोरोना संक्रमित होने में 149 दिन लगे। लेकिन राहत की बात है कि दुनिया के बाकी देशों के मुकाबले हमारे यहां संक्रमण फैलने की रफ्तार धीमी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में संक्रमितों की संख्या 4 लाख 90 हजार 401 हो गई है। इनमें 1 लाख 89 हजार 463 एक्टिव केस हैं। 2 लाख 92 हजार 626 मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि 15 हजार 487 ने जान गंवाई।
UPDATES:
- हरियाणा के गुड़गांव में शॉपिंग मॉल अगले हफ्ते खुलेंगे। पिछले तीन महीनों से यहां शॉपिंग मॉल और धार्मिक स्थल बंद ही थे। हालांकि, अभी भी धार्मिक स्थलों के बंद ही रहने की खबर है।
- इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 2 लाख 15 हजार 446 टेस्ट किए गए। वहीं, 25 जून तक देश में 77 लाख 76 हजार 228 सैंपल के टेस्ट किए जा चुके हैं।
- महाराष्ट्र में 28 जून से सलून और ब्यूटी पार्लर खोले जाएंगे। शुक्रवार को मुंबई के धारावी में 8 नए संक्रमित मिले। इलाके में संक्रमितों की कुल संख्या 2218 हो चुकी है।
- मुंबई पुलिस के प्रवक्ता प्रणय अशोक ने बताया कि मुंबई पुलिस ने अपने स्टाफ और पुलिसकर्मियों के लिए तीन कोविड सेंटर बनाए हैं। ये केंद्र कल्याण, मरोल और मरीन ड्राइव में हैं। इनमें एक हजार बेड की व्यवस्था है।

केजरीवाल ने कहा- संक्रमितों की बढ़ती संख्या को लेकर घबराने की जरूरत नहीं
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा राजधानी में कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। हालात नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि राजधानी में कोरोना संक्रमितों की संख्या रोजाना करीब तीन हजार बढ़ रही है। टेस्ट ज्यादा हो रहे हैं, इसलिए केस बढ़ रहे है। दिल्ली में हालात काबू में हैं।
केजरीवाल ने कहा, ‘कोरोना मरीजों के लिये फिलहाल बेड की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि 13500 बेड अभी हैं और बुराड़ी अस्पताल में 400 और बेड बढ़ाने की मंजूरी दी है, लेकिन आने वाले समय में हमें सबसे ज्यादा वेंटिलेटर की जरूरत होगी।’
5 राज्यों का हाल
मध्यप्रदेश: भोपाल में शुक्रवार को 50 लोग पॉजिटिव मिले। इनमें पांच लोग राजभवन से हैं। अब तक यहां 37 कर्मचारी संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें ज्यादातर सुरक्षा कर्मचारी हैं। राजभवन परिसर में 250 लोग रहते हैं। इससे पहले मध्यप्रदेश में गुरुवार को 147 संक्रमित मिले और 8 की जान गई थी। इनमें इंदौर में 46 और भोपाल में 32 पॉजिटिव शामिल हैं।

महाराष्ट्र: उद्धव सरकार ने कहा है कि किसी पुलिसकर्मी की कोरोना से मौत होती है, तो परिवार को सरकारी घर खाली नहीं करना पड़ेगा। उसके परिवार को 65 लाख रुपए तक की मदद दी जाएगी। उधर, राज्य में अब तक 4326 पुलिसकर्मी संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 3282 ठीक भी हो गए हैं, जबकि 54 पुलिसकर्मियों की मौत हो चुकी है।

उत्तरप्रदेश: मेरठ के डिवीजनल कमिश्नर ने बताया कि नोएडा, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़ और मुज्जफरनगर में नाइट कर्फ्यू के समय की समीक्षा की गई। रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू रहेगा। जो लोग बिना मास्क और सार्वजनिक जगहों पर थूकते नजर आएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। राज्य में गुरुवार को 636 कोरोना मरीज मिले थे और 15 की जान गई थी।
बिहार: शुक्रवार को कोरोना के 123 मामले सामने आए। इससे पहले गुरुवार को 215 पॉजिटिव मिले थे। राज्य में पिछले दो दिनों में पश्चिमी-पूर्वी चंपारण, बक्सर, दरभंगा, जुमई, मुज्जफरनगर, नवादा, पटना, सीवान और समस्तीपुर में नए मामले सामने आए हैं।
राजस्थान: शुक्रवार को 91 नए मरीज सामने आए। कोटा में 23, भरतपुर में 17, जयपुर में 15, करौली में 13 संक्रमित मिले। प्रदेश में मरीजों का आंकड़ा 16 हजार 387 पहुंच गया। वहीं, जोधपुर में एक व्यक्ति की मौत भी हो गई। कोरोना से अब तक 380 ने जान गंवाई। राज्य सरकार ने कांवड़ यात्रा पर रोक लगाई।

