- जयपुर में रिकवरी रेट 80 से ज्यादा, एक हफ्ते में 7 हजार से अधिक जांचें हुईं
- शहर में औसतन रोजाना 31 मरीज मिले, अब तक कोरोना से 163 की मौत
- राजस्थान में एक दिन में सबसे ज्यादा 632 कोरोना संक्रमित केस सामने आए
दैनिक भास्कर
Jul 05, 2020, 09:38 PM IST
जयपुर. शहर में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। रविवार को यहां 47 नए कोरोना संक्रमित केस सामने आए। इसके बाद शहर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3526 हो गई। इनमें 2860 लोग रिकवर होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके है।
यहां अब तक 1.22 लाख से ज्यादा लोगों की जांच की जा चुकी है। वहीं संक्रमण से शहर में अब तक 163 लोगों की मौत हो चुकी है। जयपुर में अब 503 संक्रमित लोग अस्पताल में भर्ती हैं। यहां अब तक 444 प्रवासी राजस्थानी भी पॉजिटिव आ चुके हैं। वहीं, राजस्थान में रविवार को रिकार्ड 632 नए कोरोना संक्रमित केस सामने आए। आज 7 मरीजों ने दम तोड़ा। इससे मौतों का आंकड़ा बढ़कर 456 हो गया।
रविवार को जयपुर में मानसरोवर, एसएमएस, विद्याधर नगर, वैशाली नगर, झोटवाड़ा, सीकर रोड, फागी, जगतपुरा, सांगानेर, झालाना, गोपालपुरा, सीतापुरा, सिरसी, राजापार्क, जवाहर नगर, चांदपोल व रामगढ़ मोड पर 47 नए कोरोना संक्रमित केस सामने आए। इनमें फागी में 5 संक्रमित चोखावाला गांव में मिले। जगतपुरा में जगदीश विहार, प्रेम नगर नंदपुरी में और ओबीसी कॉलोनी, गोपालपुरा बाइपास पर 10 बी स्कीम कॉलोनी में 3 केस मिले। इसी तरह गोपालपुरा बाइपास पर गंगोत्री नगर, मानसरोवर में तिरुपति विहार, एक अपार्टमेंट और विजयपथ पर संक्रमित मिले।
इसी तरह, जगतपुरा में महादेव नगर रामनगरिया रोड, सांगानेर में कृष्णा विहार चक गैटोर, विद्याधर नगर में शंकर कॉलोनी नया खेड़ा, परमानंद नगर निवारू रोड झोटवाड़ा, करणी कॉलोनी पथ नंबर 7 विजयबाड़ी मुरलीपुरा, श्री राम नगर विस्तार कालवाड़ रोड, विवेक विहार श्याम नगर, गोकुल नगर झोटवाड़ा, राधा विहार न्यू सांगानेर रोड, वैशाली नगर में चांदवाटिका कॉलोनी गांधी पथ वेस्ट लालरपुरा और द्रोणपुरी में एक अपार्टमेंट, कबीर मार्ग, पूजा विहार बिशनावाला सिरसी रोड, गली नंबर 2 राजापार्क, गीजगढ़ विहार हवासड़क और गोविंद राव जी का रास्ता चांदपोल में कोरोना संक्रमित केस मिले।
जयपुर में रिकवरी रेट 80 से ऊपर पहुंचा, एक हफ्ते में 7 हजार से अधिक जांचें हुईं
राजधानी में एक हफ्ते में 7778 सैम्पल लिए। इनमें से 254 पाॅजिटिव मिले। यानि औसतन राेजाना 31 संक्रमित मिले। यहां प्रति 100 टेस्ट पर 2 से 3 मरीजाें पाॅजिटिव मिल रहे हैं। जून के आखिरी में गिरा रिकवरी रेट जुलाई में फिर से बढ़कर 80 फीसदी के पार चला गया। यानि हर 10 में से 8 मरीज ठीक हाेकर घर लाैट चुके हैं। हालांकि यह रिकवरी रेट काेराेना संक्रमण के अन्य दाे बड़े केन्द्र जाेधपुर और भरतपुर की तुलना में करीब पांच फीसदी कम है।
