- दुनियाभर में अब तक 5.35 लाख लोगों की जान जा चुकी है, 64.89 लाख लोग ठीक हुए हैं
- सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका में 29.59 लाख संक्रमित, जबकि 1 लाख 32 हजार 418 मौतें
- डब्ल्यूएचओ ने संक्रमितों के इलाज में हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन का ट्रायल बंद करने को कहा
दैनिक भास्कर
Jul 06, 2020, 06:24 AM IST
वॉशिंगटन. दुनियाभर में कोरोनावावायरस से 1 करोड़ 14 लाख 73 हजार 44 लोग संक्रमित हैं। इनमें 64 लाख 89 हजार 422 मरीज ठीक हो चुके हैं। 5 लाख 35 हजार 090 लोगों की मौत हो गई है। 32 देशों के 239 वैज्ञानिकों ने कोरोना महामारी को लेकर एक ओपन लेटर लिखा है। इसमें उन्होंने बताया है कि कोरोनावायरस हवा के जरिए भी फैलता है। वैज्ञानिकों का मानना है कि डब्ल्यूएचओ इसे लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने अपनी गाइडलाइन में इसे लेकर कोई जानकारी भी नहीं दी है।
वहीं, दूसरी तरफ डब्ल्यूएचओ ने संक्रमितों के इलाज के लिए हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन का ट्रायल बंद करने की घोषणा की है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि हम अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमितों के लिहाज से ट्रायल कर रहे थे। इसका संबंध घरों में रहने वाले मरीजों से नहीं है।
इस ट्रायल की निगरानी करने वाली अंतरराष्ट्रीय समिति ने इस ट्रायल को रोकने की सिफारिश की थी, जिसे संगठन ने मान लिया है। संगठन के मुताबिक, आंकड़े बताते हैं कि हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन के इस्तेमाल से अस्पताल में भर्ती कोरोना मरीजों की मृत्युदर में कमी नहीं आई है।
10 देश जहां कोरोना का असर सबसे ज्यादा
|
देश |
कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
| अमेरिका | 29,59,188 | 1,32,418 | 12,61,420 |
| ब्राजील | 15,79,837 | 64,383 | 9,78,615 |
| रूस | 6,81,251 | 10,161 | 4,50,750 |
| भारत | 6,74,312 | 19,289 | 4,09,083 |
| पेरू | 2,99,080 | 10,412 | 1,89,621 |
| स्पेन | 2,97,625 | 28,385 | उपलब्ध नहीं |
| चिली | 2,95,532 | 6,308 | 2,61,032 |
| ब्रिटेन | 2,85,416 | 44,220 | उपलब्ध नहीं |
| मैक्सिको | 2,52,165 | 30,366 | 1,52,309 |
| इटली | 2,41,611 | 34,861 | 1,92,108 |
*ये आंकड़े https://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
अपडेट्स
- स्पेन के गैलिसिया में फिर से लॉकडाउन लगा दिया गया है। प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने बिल्बाओ में एक पॉलिटिकल रैली में इसकी जानकारी दी।
- डब्ल्यूएचओ ने एचआईवी के मरीजों के इलाज के लिए लोपिनाविर या रिटोनाविर दवा का ट्रायल भी रोक दिया है। संगठन के मुताबिक, इसके नतीजे भी हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन के जैसे हैं।
मैक्सिको: पांचवां देश जहां सबसे ज्यादा मौतें
मैक्सिको में मरने वालों की संख्या 30 हजार से ज्यादा हो गई है। मौतों के मामले में यह पांचवां सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। यहां शनिवार को 6,914 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 523 लोगों की जान गई है। यहां अब तक 2.52 लाख संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 1.52 लाख लोग ठीक हुए हैं।

ब्राजील: 1 दिन में 1091 मौतें
ब्राजील में 24 घंटे में 1091 मरीजों की मौत हुई है। देश में अब तक 64,383 लोग जान गंवा चुके हैं। यहां शुक्रवार को 42,223 नए मामले दर्ज किए गए थे और 1290 लोगों की मौत हुई थी। ब्राजील कोरोना से प्रभावित होने और मौतों के मामले में अमेरिका के बाद दूसरे नंबर पर है।

अमेरिका: टेक्सास में 8258 नए मामले
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि शनिवार को जब देश स्वतंत्रता दिवस मना रहा था, उस दिन टेक्सास में कोरोना के 8258 नए मामले दर्ज किए गए। वहीं, 33 लोगों की मौत हुई। राज्य में अब तक 1.91 लाख प्रभावित हो चुके हैं और 2608 लोगों ने इसके कारण जान गंवाई है। यहां 97 हजार लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। वहीं, फ्लोरिडा में एक दिन में 11,445 नए मामले सामने आए हैं।
द.अफ्रीका: लॉकडाउन के 100 दिन पूरे
दक्षिण अफ्रीका में लॉकडाउन के 100 दिन हो चुके हैं। देश में 27 मार्च को लॉकडाउन लगाया गया था। यहां 1 मई से प्रतिबंधों में राहत देनी शुरू की गई। इसके बाद मामले भी बढ़ने शुरू हुए। देश में 24 घंटे में 10,853 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या 1.87 लाख हो गई है। वहीं, 3026 लोगों की जान जा चुकी है।

इजराइल: 29 हजार से ज्यादा मामले
इजराइल में 24 घंटे में 977 नए मामले सामने आए हैं। यहां संक्रमितों की संख्या 29 हजार से ज्यादा हो चुकी है। देश में मरने वालों की संख्या 331 हो चुकी है। यहां 17 हजार 916 लोग ठीक हो चुके हैं। शनिवार को पुलिस ने कहा कि देश के सीमा पुलिस चीफ याकुव शब्ताई कोरोना संक्रमित मिले हैं।
चीन: हुबेई में एक भी नया केस नहीं
नेशनल हेल्थ कमीशन ने शनिवार को कहा कि राज्य में एक भी नया केस नहीं मिला है। राज्य में फिलहाल 3 बिना लक्षण वाले मरीज हैं और 121 का इलाज किया जा रहा है। फिलहाल, यहां 68,135 संक्रमित हैं। इनमें से 63,623 को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। राज्य में अब तक 4512 लोगों की जान जा चुकी है।
