कोलकाता। पश्चिम बंगाल में कोविड-19 संक्रमण की रफ्तार ने गुरुवार को सारे रिकार्ड तोड़ दिए है। इसके साथ ही यहां रेकवरी रेट में गिरावट होने लगी है। यहां अब रिकवरी रेट 66 से गिरकर 64.93 फ़ीसदी पर पहुंच गई है। हालांकि गुरुवार को अब तक के सर्वाधिक 1088 लोग कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। बुलेटिन में बताया गया है कि 24 घंटे के दौरान 1088 नए लोग इस महामारी की चपेट में आए हैं जिसकी वजह से पॉजिटिव लोगों की कुल संख्या बढ़कर 25911 पर पहुंच गई है।

हालांकि इनमें से 535 लोग एक दिन के अंदर स्वस्थ होकर घर लौटे हैं, जिसकी वजह से स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर 16826 हो गई है। चिंता की बात यह भी है कि पिछले 24 घंटे में 27 लोगों की मौत हुई है जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 854 पर पहुंच गई है। एक्टिव लोगों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। यह बढ़कर 8231 पर पहुंची है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कुल 10805 लोगों के सैंपल जांच किए गए हैं। अब तक कुल 583328 लोगों के नमूने की जांच हुई है जिनमें से महज 4.44 फ़ीसदी लोग कोरोनावायरस पॉजिटिव पाए गए हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि रिकवरी रेट में कमी चिंता का सबब है। उल्लेखनीय है कि जून महीने में कोरोनावायरस पर लगाम लग गई थी। करीब 10 दिनों तक स्वस्थ होने वालों की संख्या नियमित पॉजिटिव होने वालों से अधिक रह रही थी और रिकवरी रेट में भी बढ़त बरकरार थी। एक्टिव लोगों की संख्या घटने लगी थी जिसके बाद उम्मीद की जा रही थी कि जल्द ही हालात सामान्य हो जाएंगे, लेकिन जुलाई महीने में अब संक्रमण नियमित तौर पर बढ़ने लगा है और गुरुवार को तो आंकड़े 1000 के पार हो गए हैं, जिसकी वजह से स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ गई हैं।
यह खबर भी पढ़े: विशाखापट्टनम: मरे जानवर का मांस खाने से 70 ग्रामीण बीमार, छह की हालात गंभीर
