कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कोरोना महामारी से बचाव के लिए अग्रिम पंक्ति में खड़े सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अगर ऐसे किसी भी व्यक्ति की मौत होती है तो राज्य सरकार उन्हें 10 लाख रुपये का बीमा देगी। इसके साथ ही उनके परिजनों में से किसी एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री ने कैबिनेट की बैठक की। इसके बाद मुख्यमंत्री मीडिया से मुखातिब थीं। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में तेजी से संक्रमण फैल रहा है। अभी यह फैलेगा। इसे जादू की छड़ी से रोका नहीं जा सकता। लेकिन कुछ लोग हैं कि इस पर भी सस्ती राजनीति कर रहे हैं। यह ठीक नहीं है। सीएम ने कहा कि जो लोग बाजार, दुकान आदि खोल रहे हैं उनसे मैं अनुरोध करूंगी कि वह थोड़े सतर्क रहें।
शारीरिक दूरी के प्रावधानों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए सजग करें। उन्होंने पूजा कमेटियों को भी पहले से आगाह करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा का समय करीब आ रहा है। समझ बूझ कर पूजा करनी होगी। कोरोना मरीजों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी करेगी सरकार – मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यह भी घोषणा की कि कोरोना मरीजों की सुविधाओं के लिए राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा। जो लोग भी गंभीर हालत में रहेंगे उन्हें वहां जाकर अपनी जांच करानी है। उनका इलाज कैसे होगा इस बारे में दिशानिर्देश हेल्पलाइन पर मिलेंगे।
यह खबर भी पढ़े: सरकार के सियासी घमासान में फिर फंसे कॉलेज विद्यार्थी’
यह खबर भी पढ़े: कोरोना से बचाव के लिए रेलवे ने तैयार किया ‘पोस्ट कोविड कोच’, बिना हाथ लगाए बंद होगा टॉयलेट का गेट व नल

