लाठी8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- पानी के लिए ग्रामीण परेशान, जीएलआर में नहीं आता पानी, लोगों की शिकायतों पर सुनवाई नहीं
गांव के दर्जी मोहल्ले में निर्मित जीएलआर में गत एक पखवाड़े से जलापूर्ति बंद होने के कारण ग्रामीणों को पेयजल संकट से रूबरू होना पड़ रहा हैं। मोहल्ले वासी सुंदरलाल दर्जी, अशोक कुमार, गोपीलाल, धर्मेंद्र, नरेश पंवार, सत्यनारायण, घनश्याम व महेंद्र ने बताया कि मोहल्ले में निर्मित जीएलआर में गत एक पखवाड़े से जलापूर्ति पूरी तरह से बंद पड़ी है।
इस कारण इस टंकी से जुड़े दर्जी मोहल्ला सुथार मोहल्ला, नाइयों का मोहल्ला, मेघवालों के मोहल्ले के नागरिकों को ट्रैक्टर टंकियों से पानी खरीदकर मंगवाना पड़ रहा है। मवेशी पानी के लिए इधर उधर भटक रहे हैं। लंबे समय से कर्मचारी अनुपस्थित: मोहल्लेवासियो सुंदरलाल दर्जी, अशोक कुमार, गोपीलाल, धर्मेंद्र, नरेश पंवार, सत्यनारायण, घनश्याम व महेंद्र ने बताया कि दर्जी मोहल्ले स्थित पानी कि टंकी में मुस्लिम मोहल्ले में स्थित नलकूप संख्या 1 से जलापूर्ति होती है।
इस नलकूप पर पिछले लंबे समय से कर्मचारी उपस्थित नहीं रहते हैं। नलकूप को स्वतःचालू-बंद करके रखा गया हैं। समस्या से अवगत करवाने के बाद भी कर्मचारी यहां नहीं आते हैं। ऐसे में ग्रामीणों को परेशानी हो रही हैं। बावजूद इसके विभागीय अधिकारियों की और से समस्या के निराकरण को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही हैं।
बार-बार हो रही हैं जलापूर्ति बंद: ग्रामीणों ने बताया कि मोहल्ले में स्थित पानी की टंकी की छह महीने पहले निर्माण किया गया था। कर्मचारियों की अनुपस्थिति के चलते टंकी के निर्माण के बाद से बार-बार टंकी की जलापूर्ति बंद हो रही है। उन्होंने बताया कि शिकायत करने पर एक या 2 दिन के लिए जलापूर्ति चालू कर दी जाती हैं फिर वापस बंद हो जाती। ग्रामीणों ने विभाग के उच्चाधिकारियों से इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान करने की मांग की हैं।
0