कोलकाता। उत्तर दिनाजपुर जिला अंतर्गत चोपड़ा में 15 साल की माध्यमिक की छात्रा से कथित सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या को लेकर दो दिनों से राजनीतिक सरगर्मी तेज है। उस पर बंगाल पुलिस ने चौंकाने वाला दावा किया है। जिला पुलिस ने दावा किया है कि छात्रा के साथ दुष्कर्म नहीं हुआ था। हालांकि इसके पीछे किसी भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का जिक्र नहीं किया जा रहा।
दरअसल 15 साल की एक माध्यमिक पास छात्रा का रक्तरंजित तथा अर्द्धनग्न शव रविवार को चोपड़ा में बरामद किया गया था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने दावा किया था कि बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है। इसे लेकर स्थानीय लोग बेहद नाराज हो गए थे और सड़कों पर विरोध प्रदर्शन करते हुए दो दर्जन से अधिक बसों में आग लगा दी थी। पुलिस कर्मियों के साथ भी हाथापाई हुई थी। नाराज भीड़ पर पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया था। अब सोमवार को जिला पुलिस ने दावा किया है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म ही नहीं हुआ था।
इधर, उत्तर बंगाल विकास मंत्री गौतम देव ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का निर्देश पर पीड़ित परिवार से मुलाकात की है। भाजपा इस मामले को लेकर सत्तारूढ़ पार्टी पर आरोप लगा रही है कि तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है लेकिन परिवार की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है जिसकी वजह से और भी सवाल खड़े हो रहे हैं। भाजपा का दावा है कि परिजनों पर दबाव बनाया गया है ताकि कोई भी शिकायत दर्ज ना हो।
