देश में कोरोना में 24 घंटे में करीब 49 हजार से ज्यादा मामले बढ़े। पिछले 24 घंटे में 48 हजार 932 केस सामने आए। यह एक दिन में संक्रमितों को दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसी के साथ संक्रमितों की संख्या अब 14 लाख 36 हजार 19 हो गई है। वहीं दूसरी तरफ देश में कोरोना ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी 9 लाख के पार हो गई। 24 घंटे में 31 हजार 502 संक्रमित ठीक हुए। रिकवर हुए मरीजों की संख्या अब 9 लाख 18 हजार 735 हो गई है। इस बीच, संक्रमण से 32 हजार 812 मरीजों की मौत भी हुई। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के अनुसार हैं।


हरियाणा में सप्ताह के अंत में लॉकडाउन नहीं होगा: खट्टर
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को कहा कि राज्य में हर शनिवार और रविवार को लॉकडाउन करने की योजना नहीं है। उन्होंने एक अंग्रेजी अखबार के कार्यक्रम में कहा कि राज्य में संक्रमण काबू में है। यहां कई दूसरे राज्यों के तुलना में कम मामले आए हैं। अगर लॉकडाउन 14 दिन से कम का हो तो इसका असर नहीं होता। ऐसे में सप्ताह के अंत में सिर्फ दो दिन के लिए लॉकडाउन करने का कोई फायदा नहीं होंगा।
5 राज्यों का हाल
मध्य प्रदेश: राज्य में रविवार को 874 नए मरीज मिले हैं। प्रदेश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर अइ 27,800 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में प्रदेश मे 13752 सैम्पल की जांच हुई हैं, जिसमें 874 सैंपल पॉजिटिव आए हैं और 12878 सैंपल निगेटिव पाए गए हैं। वहीं 168 सैंपल रिजेक्ट हुए हैं इस आंकड़े के बाद राज्य में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 7857 हो गई है।
महाराष्ट्र: राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या रविवार को पौने चार लाख के पार पहुंच गई। एक दिन में 9,431 नए संक्रमित सामने आए और 267 लोगों की जान चली गई। वहीं, राज्य में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 13,656 हो गई है। राज्य में रिकवरी दर 56.74 फीसदी हो गई है जबकि मृत्युदर 3.63 फीसदी है।
राज्य स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार रविवार को प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,75,799 हो गई जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या 1,48,601 है। रविवार को राज्य में 6044 मरीज कोरोना संक्रमण से स्वस्थ हुए जिससे अब तक कुल संक्रमितों के स्वस्थ होने की संख्या 2,13,238 हो गई है। राज्य में 9,08,420 लोग होम क्वारैंटाइन और 44,276 लोग संस्थागत क्वारैंटाइन हैं।
राजस्थान: राज्य में रविवार को कोरोना के 1132 नए केस सामने आए। इनमें जोधपुर में 239, अलवर में 150, बीकानेर में 82, जयपुर में 71, कोटा में 68, झालावाड़ में 50, भरतपुर में 49, नागौर में 49, पाली में 45, धौलपुर में 37, चूरू और अजमेर में 36-36, उदयपुर में 33, बूंदी में 29, बाड़मेर में 28, करौली में 23, सीकर में 20, झुंझनू में 14, बारां और जालौर में 11-11, सवाई माधोपुर में 9, राजसमंद में 7, डूंगरपुर और दौसा में 6-6, जैसलमेर, गंगानगर और चित्तौडगढ़ में 5-5, हनुमानगढ़ में 3, टोंक और प्रतापगढ़ में 2-2, और दूसरे राज्यों में 1 संक्रमित मिले।
इसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 36430 पहुंच गया। वहीं, 11 लोगों की मौत भी हो गई। इनमें भरतपुर और जयपुर में 3-3, टोंक, सवाई माधोपुर, सिरोही, अजमेर और बारां में 1-1 की मौत हो गई। कुल मृतकों का आंकड़ा 624 पहुंच गया है।
बिहार: राज्य में रविवार को 2605 नए संक्रमित मिले हैं जबकि 17 लोगों की मौत हो गई है। दरभंगा के एसएसपी सहित 14 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। एसएसपी बाबू राम ने खुद इसकी जानकारी दी है। वे लगातार दूसरी बार पॉजिटिव आए हैं।
राज्य में अब संक्रमितों का आंकड़ा 38,919 हो गया है। इसमें 26,308 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 249 लोगों की मौत हो चुकी है। 12,361 लोगों का अभी इलाज चल रहा है।
उत्तरप्रदेश: राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति गंभीर होते जा रही है। रविवार को नए मामलों के सारे रिकॉर्ड टूट गए। पहली बार नए केस की संख्या तीन हजार को पार कर गई। पिछले 24 घंटे में 3260 नए मामले सामने आए हैं। यह अबतक की सर्वाधिक संख्या है। इससे पहले सबसे ज्यादा केस कल सामने आए थे। शनिवार को राज्य में संक्रमितों की संख्या 2984, शुक्रवार को 2712, गुरुवार को 2529, बुधवार को 2308 और 19 जुलाई को 2250 रही थी।
उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 3260 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या 66 हजार 988 पर पहुंच गई है। इनमें से 41 हजार 641 मरीज इलाज के बाद पूरी तरह ठीक हो चुके हैं और उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश के अवस्थापना और औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक टंडन ने बताया कि राज्य में अबतक कुल 18 लाख 34 हजार 297 सैंपल्स की जांच की जा चुकी है। दूसरी तरफ अभी तक रिकॉर्ड 1 करोड़ 37 लाख घरों का सर्विलांस किया गया है, जिसमें 6 करोड़ 96 लाख लोग रहते हैं।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
