- केशवरायपाटन की रहने वाली थी, पैर फिसलने से गहरे पानी में चली गई और वापस जीवित नहीं निकल सकी
दैनिक भास्कर
Jun 16, 2020, 07:21 AM IST
देईखेड़ा. लॉकडाउन के चलते केशवरायपाटन से अपने दादा-दादी के घर घाट का बराना आई तन्नू (12) साेमवार काे सुबह चंबल नदी में नहाने के दाैरान डूब गई, जिसे अस्पताल में मृत घाेषित कर दिया गया। वह 7वीं कक्षा की छात्रा थी। घटना के बाद से मृतका के दादा केसरीलाल केवट, दादी व मां की रो-रोकर बुरी हालत हाे गई।
पुलिस अाैर ग्रामीणाें के अनुसार सोमवार सुबह 9 बजे तन्नू अपनी हम उम्र किशोरियों के साथ चंबल नदी पर नहाने चली गई। इस दाैरान पैर फिसलने से वह गहरी खाई (पानी) में चली गई और वापस नहीं निकल सकी। घटना से घबराई सहेलियाें ने ग्रामीणाें काे सूचना दी, जिस पर ग्रामीणों व परिजनों ने नदी पर जाकर उसे पानी से बाहर निकाला।
बेहाेशी की हालत में उसे देईखेड़ा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सा प्रभारी डॉ. ललित मीणा ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया। बताया गया कि घाट का बराना निवासी सोहनलाल उर्फ़ शोनू केवट करीब 10 सालाें से केशवरायपाटन में मेहनत मजदूरी कर परिवार पाल रहा था।
लॉकडाउन के चलते काम धंधा नहीं मिल रहा था, वहीं बच्चों की स्कूली छुट्टियां चल रही थी, इसके कारण घाट का बराना आ गया था। एक सप्ताह से बच्चे-बच्चियां अपने दादा-दादी के पास खुशी-खुशी रह रहे थे। सोमवार सुबह तन्नू सहेलियों के साथ चंबल नदी पर नहाने गईं ताे लौटकर जीवित नहीं आई।
परिजन उसके शव को लेकर घर पहुंचे तो हाहाकार मच गया और रोना-पीटना शुरू हो गया। थानाधिकारी ने बताया कि पानी में डूबने से बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।