- Hindi News
- International
- Coronavirus Novel Corona Covid 19 Coronavirus Outbreak Today 13 September Newsupdates World Cases Novel Corona Covid 19
वॉशिंगटनएक घंटा पहले
न्यूयॉर्क में कोरोना महामारी के बीच सुरक्षा कारणों से स्कूल के बाहर काम करतीं टीचर्स। अमेरिका में संक्रमण के 67 लाख से ज्यादा मामले हो चुके हैं।
- दुनिया में 72 लाख से ज्यादा एक्टिव केस, अब तक 2.11 करोड़ लोग रिकवर
- सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका में 67 लाख से ज्यादा मरीज, यहां 1.98 लाख मौतें
दुनिया में 24 घंटे में कोरोना संक्रमितों के 1 लाख 80 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं, जबकि 3 हजार से ज्यादा मौतें हुईं हैं। भारत में सबसे ज्यादा 81 हजार मरीज मिले हैं। दुनिया में अब तक 2 करोड़ 93 लाख 70 हजार 32 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 9 लाख 31 हजार 74 लोगों की जान जा चुकी है।
अच्छी बात यह है कि 2 करोड़ 11 लाख 80 हजार 84 लोग ठीक भी हो चुके हैं। फिलहाल, दुनियाभर में 72 लाख 58 हजार 874 एक्टिव केस हैं। ये आंकड़े worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।
इजराइल: दोबारा लॉकडाउन लगा
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को दोबारा तीन हफ्ते के लिए देशभर में लॉकडाउन लगाने का ऐलान किया। लॉकडाउन शुक्रवार से लागू होगा। इसके साथ ही इजराइल देशभर में दोबारा लॉकडाउन लगाने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। इस दौरान लोगों को अपने घर से 500 मीटर के दायरे में ही रहना होगा। हालांकि, वे सीमित समय के लिए काम पर जा सकेंगे। देश में अब तक 1 लाख 55 हजार 604 मरीज मिले हैं और 1,119 मौतें हुईं हैं।
इन 10 देशों में कोरोना का असर सबसे ज्यादा
|
देश |
संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
| अमेरिका | 67,30,786 | 1,98,767 | 40,02,874 |
| भारत | 49,26,734 | 80,827 | 38,55,983 |
| ब्राजील | 43,35,066 | 1,31,736 | 35,73,958 |
| रूस | 10,68,320 | 18,635 | 8,78,700 |
| पेरू | 7,29,619 | 30,710 | 5,66,796 |
| कोलंबिया | 7,16,319 | 22,924 | 5,99,385 |
| मैक्सिको | 6,68,381 | 70,821 | 4,71,623 |
| साउथ अफ्रीका | 6,49,793 | 15,447 | 5,77,906 |
| स्पेन | 5,93,730 | 29,848 | उपलब्ध नहीं |
| अर्जेंटीना | 5,55,537 | 11,412 | 4,28,953 |
55 देशों में शुक्रवार को 51,000 से ज्यादा नए मामले सामने आए थे
डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, यूरोप में अक्टूबर और नवंबर में कोरोना से हर दिन होने वाली मौतों की संख्या बढ़ सकती है। यूरोप में हाल के हफ्तों में मामले तेजी से बढ़े हैं। खासकर स्पेन और फ्रांस में। डब्ल्यूएचओ यूरोप द्वारा निगरानी किए जाने वाले 55 देशों में अकेले शुक्रवार को 51,000 से ज्यादा नए मामले सामने आए थे।
ऑस्ट्रेलिया: हॉटस्पॉट वाले इलाके में प्रदर्शन
ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में रविवार को लोगों ने हॉटस्पॉट वाले इलाके में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोग संक्रमण रोकने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे कामों से नाराज थे। प्रदर्शन करने वालों ने पुलिस पर फल और सब्जियां फेंकी। पुलिस ने महामारी से जुड़े नियमों को तोड़ने के लिए 74 लोगों को गिरफ्तार किया है और 176 लोगों पर जुर्माना लगाया है। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन में करीब 250 लोग शामिल थे।

ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न स्थित क्वीन विक्टोरिया मार्केट में फल और सब्जियां फेंकते प्रदर्शनकारियों को रोकने पहुंची पुलिस।
सऊदी अरब: इंटरनेशनल फ्लाइट्स को मंजूरी
सऊदी अरब ने मंगलवार से इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर लगी पाबंदियां हटाने का ऐलान किया है। करीब 6 महीने के बाद देश में कुछ दूसरे देशों की फ्लाइट्स को आने की मंजूरी दी जाएगी। 1 जनवरी के बाद सऊदी अरब सड़क और समुद्र के रास्ते अपने देश के लोगों की आवाजाही पर लगी रोक भी हटा लेगा। सरकार ने कहा है कि इसकी तारीख की घोषणा दिसंबर में की जाएगी। इसके साथ ही वैध वीजा वाले दूसरे देशों के लोग भी सऊदी आ सकते हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें संक्रमण नहीं होने का सर्टिफिकेट दिखाना होगा।