- पूर्वी राजस्थान में 4 और पश्चिमी राजस्थान में 6 जुलाई को मानसून के सक्रिय होने के आसार
- बीकानेर, नागौर और जैसलमेर जिलों में अगले दो दिन लू की चेतावनी
दैनिक भास्कर
Jul 02, 2020, 08:34 PM IST
जयपुर. इस सीजन में अभी तक पश्चिमी राजस्थान में तीन प्रतिशत बारिश कम हुई है। पूर्वी राजस्थान में एक प्रतिशत बारिश अधिक हुई है। वहीं पूरे राज्य में एक प्रतिशत बारिश कम हुई है। प्रदेश में सबसे अधिक बारिश झालावाड़ में 83 प्रतिशत तो सबसे कम बारिश बीकानेर में माइनस में (-51 प्रतिशत) हुई है।
झालावाड़ में 83, चूरू 76, सीकर 23, राजसमंद 24, जालौर 21, कोटा 41 तथा बारां में 36 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। वहीं श्रीगंगानगर में 29 प्रतिशत, हनुमानगढ़ 46, बीकानेर 51, जैसलमेर 29, जयपुर 21, दौसा 36, टोंक 46, सवाईमाधोपुर 31 तथा सिरोही में 38 प्रतिशत बारिश कम हुई है। शेष स्थानों पर सामान्य बारिश हुई है।
1 जून से 2 जुलाई तक कहां कितनी हुई बरसात
| एरिया | कुल वर्षा मिमी में | सामान्य वर्षा मिमी में | सामान्य से कितनी अधिक/ कम वर्षा |
| पश्चिमी राजस्थान | 39.9 | 41.3 | -3 % |
| पूर्वी राजस्थान | 77.4 | 76.3 | +1 % |
| राजस्थान | 56.5 | 56.8 | -1% |
फिर जोर पकड़ेगा मानसून
उधर, राज्य में कमजोर मानसून के फिर जोर पकड़ने के आसार बने हैं। अब मानसून पूर्वी राजस्थान में चार जुलाई तथा पश्चिमी राजस्थान में छह जुलाई को सक्रिय होने के आसार हैं। लेकिन उससे पहले बीकानेर, नागौर और जैसलमेर जिलों में दो और तीन जुलाई को हीट वेव यानी लू चलने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक जा सकता है।
साथ ही, बीकानेर, जोधपुर संभाग में आने वाले चार-पांच दिन हल्की बारिश तथा कुछ स्थानों पर आंधी चलने के आसार हैं। पूर्वी राजस्थान में अगले दो दिन बादल गरजने के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
34 डिग्री के साथ सबसे गर्म रात फलौदी में रही, सबसे अधिक तापमान बीकानेर में 44.8 प्रतिशत रहा
बीती रात 34 डिग्री तापमान के साथ फलौदी राज्य में सबसे गर्म स्थान रहा। सवाईमाधोपुर, बीकानेर और श्रीगंगानगर का भी तापमान 30 डिग्री से अधिक रहा। जयपुर में बीती रात तापमान 27.0 डिग्री रहा। प्रदेश में गुरुवार का सबसे अधिक तापमान बीकानेर में 44.8 प्रतिशत रहा। श्रीगंगानगर में 44.6, जैसलमेर में 42.6 तथा जयपुर में 27.0 डिग्री तापमान रहा।