- प्रदेश स्तर पर बताए जा रहे है 183 नए संक्रमित
- सीएमएचओ की लेटलतीफी के कारण समय पर नहीं मिल पा रही है सूचनाएं
दैनिक भास्कर
Jul 07, 2020, 10:19 PM IST
जोधपुर.
सूर्यनगरी में अनलॉक भारी पड़ता नजर आ रहा है। कोरोना बेकाबू होता जा रहा है और शहर एक बार फिर लॉक डाउन की ओर अग्रसर होता नजर आ रहा है। जोधपुर में मंगलवार को एक साथ रिकॉर्ड 126 नए कोरोना संक्रमित सामने आए है। प्रदेश में इससे पहले सिर्फ बीकानेर में 112 मामले एक दिन में सामने आए थे। हालांकि जोधपुर में नए मामले विभिन्न ट्रेनों से आने वाले यात्रियों की जांच के कारण बढ़े है, लेकिन बढ़ते मामलों ने खतरे की घंटी बजा दी है।
वहीं आज प्रदेश में एक दिन में सबसे ज्यादा 716 कोरोना संक्रमित सामने आए। जुलाई माह के पहले सात दिन में ही 3390 नए मामले सामने आ चुके है। सात दिन में 59 लोग अपनी जान गंवा चुके है। जोधपुर संभाग में आज बाड़मेर में 47, जालोर में 37, सिरोही में 30, पाली में 9 व जैसलमेर में एक नया कोरोना संक्रमित मिला।
जोधपुर में आया उछाल
जोधपुर में मंगलवार को एकदम से संक्रमितों की संख्या में जोरदार उछाल आ गया। यह पहला अवसर है कि एक साथ 126 नए संक्रमित सामने आए है। नए मामलों का संख्या में तेजी जोधपुर शहर में आने वाली तीन ट्रेनों से आने वाले यात्रियों की जांच से बढ़ी है। चिकित्सा विभाग की तीन टीमें जयपुर, हावड़ा, दिल्ली व मुंबई की ट्रेनों के यात्रियों की सैंपलिंग कर रही हैं। प्रतिदिन 2500-3000 टेस्ट किए जा रहे हैं। पहले दो दिन कोई भी पॉजिटिव नहीं आया। तीसरे दिन सोमवार को 19 यात्री पॉजिटिव मिले। आज इनमें से कितने यात्री पॉजिटिव पाए गए है, इनकी जानकारी सीएमएचओ ने अभी तक नहीं दी है। माना जा रहा है कि इनमें से बड़ी संख्या में कई यात्री पॉजिटिव पाए गए है।
जोधपुर में व्यवस्था गड़बड़ाई
जोधपुर में कोरोना से जुड़ी मेडिकल बुलेटिन जारी करने का जिम्मा सीएमएचओ को सौंपने के बाद व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी है। स्थानीय स्तर पर पहले दिन में तीन बार जारी होने वाली सूची अब दो बार ही जारी की जा रही है और उनका भी समय निर्धारित नहीं है। सीएमएचओ डॉ. बलवंत मंडा अपनी सुविधानुसार देर रात तक सूची जारी करते है। यहीं कारण है कि राज्य स्तर पर आज जारी सूची में जोधपुर में एक ही दिन में 183 नए मामले सामने आने का बताया गया है। जबकि इसमें कल देर रात जोधपुर में जारी 57 पॉजिटिव भी शामिल है। इस तरह जोधपुर में आज 126 पॉजिटिव ही है। इसी तर्ज पर मृतकों की संख्या में भी रोजाना गड़बड़ी रहती है। राज्य स्तर पर दोनों आंकड़ों में भारी अंतर देखने को मिल रहा है।
