- रविवार को गृह विभाग के पूर्व अंडर सेक्रेट्री की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी
- परिजन उन्हें लेकर एम्स पहुंचे जहां डॉक्टरों ने कहा था कि अभी बेड खाली नहीं है
- पत्नी ने हंगामा शुरू कर दिया और वीडियो वायरल होने के बाद एम्स प्रशासन ने भर्ती किया था
दैनिक भास्कर
Jul 14, 2020, 04:13 PM IST
पटना. दो दिन पहले पटना एम्स के बाहर फुटपाथ पर तड़प रहे गृह विभाग के पूर्व अंडर सेक्रेट्री उमेश रजक की कोरोना से मौत हो गई। मंगलवार को एम्स में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। रविवार देर शाम उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए पटना एम्स रेफर किया गया था।
परिजन उन्हें लेकर रात करीब 11 बजे एम्स पहुंचे लेकिन, उन्हें भर्ती नहीं किया गया था। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। इसके बाद उनकी पत्नी ने बाहर हंगामा करना शुरू कर दिया। वह रो रही थी और लगातार कह रही थी कि कोरोना पॉजिटिव मरीज गृह विभाग के पूर्व सेक्रेट्री हैं। कोई इन्हें अस्पताल में भर्ती करा दो लेकिन उस महिला की सुनने वाला कोई नहीं था। महिला ने बताया कि उसने डॉक्टरों से भर्ती करने का अनुरोध किया तो उन्होंने कहा कि अस्पताल में बेड नहीं है। बहुत देर विनती की तब भी कोई हमारी नहीं सुना।
वीडियो वायरल होने के बाद किया गया भर्ती
जब मामले ने तूल पकड़ा और वीडियो वायरल हो गई तब एम्स प्रशासन की नींद टूटी। इसके बाद उमेश को भर्ती किया गया। नोडल अफसर डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि रात में आए थे तो किसी को खबर करनी चाहिए थी। सूचना मिलने के बाद उन्हें एडमिट कर लिया गया।
पटना एम्स के फुटपाथ पर लेटा व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव है। सरकार, प्रशासन और अस्पताल कोई नहीं सुन रहा है। बिहार में कोरोना के हालात बहुत भयावह है। आने वाले दिनों में स्थिति बेक़ाबू होने वाली है। सरकार जाँच नहीं कर रही, कर रही है तो आँकड़े छुपा रही है। बिहार को अब भगवान बचाए.. pic.twitter.com/IdEpC3u8ZY
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) July 13, 2020
तेजस्वी ने भी सरकार पर बोला था हमला
नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने ट्विटर पर वीडियो पोस्ट कर राज्य सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। तेजस्वी ने लिखा था कि पटना एम्स के फुटपाथ पर लेटा व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव है। सरकार, प्रशासन और अस्पताल कोई नहीं सुन रहा है। बिहार में कोरोना के हालात बहुत भयावह है। आने वाले दिनों में स्थिति बेकाबू होने वाली है। सरकार जांच नहीं कर रही और कर रही है तो आंकड़े छुपा रही है। बिहार को अब भगवान बचाए।
