- कोरोना संक्रमण के बीच राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड काे परीक्षा करवाना बड़ी चुनौती है
- कई परीक्षा केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क लगाने के नियमों की धज्जियां उड़ी
दैनिक भास्कर
Jun 29, 2020, 12:16 PM IST
जयपुर. राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं के बाकी दो पेपर सोमवार से शुरू हो गए। कोरोना संक्रमण के बीच यह परीक्षा बोर्ड और राज्य सरकार दोनों के लिए बड़ी चुनौती है। कारण- दोनों पेपरों में प्रत्येक में 11.5 लाख स्टूडेंट्स बैठेंगे। यह परीक्षाएं कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन की वजह से रोकनी पड़ी थी। लेकिन, लॉकडाउन में राहत के साथ ही राज्य सरकार ने इन परीक्षाओं को फिर से करवाने का निर्णय लिया था।
परीक्षा के दौरान धौलपुर जिले में बसई नवाब के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्कूल प्रशासन की लापरवाही के चलते सोशल डिस्टेंस की खुलेआम धज्जियां उड़ाईं गईं। परीक्षा देने आए बच्चे परीक्षा केंद्रों पर ग्रुप बनाकर साथ खड़े नजर आए।
सोमवार सुबह 8:30 बजे से सामाजिक विज्ञान का पहला पेपर शुरू हुआ, जो सुबह 11:45 बजे तक चला। मंगलवार को गणित की परीक्षा होगी। परीक्षार्थियों को एक घंटा पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने को कहा गया था।

6 हजार से ज्यादा परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा
बोर्ड सचिव अरविंद सेंगवा ने कहा कि बोर्ड द्वारा मार्च में कक्षा 10वीं की परीक्षा के लिए 5685 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। लेकिन, अब संक्रमण को देखते हुए और सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन रखने के लिए 521 परीक्षा केंद्र और बढ़ाए गए हैं। शेष दोनों पेपर 6000 से ज्यादा परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होंगे। कक्षा 10वीं की परीक्षाएं पूर्व में छपे प्रश्न पत्रों से ही ली जा रही हैं। यह परीक्षा प्रश्नपत्र प्रदेशभर में पहले से ही पहुंचे हुए हैं। नए परीक्षा केंद्रों पर भी प्रश्न पत्र पहुंचाए गए।

कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए विशेष व्यवस्था
बोर्ड ने कोविड-19 को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सुरक्षा के लिए कुछ उपाय सुनिश्चित किए हैं। इनमें जो बच्चे परीक्षा केंद्रों पर पहुंचेंगे उन सभी का चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्मिकों द्वारा थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। प्रत्येक बच्चे के हैंड सेनेटाइज कराए जाएंगे। परीक्षा केंद्रों में एक से दूसरे बच्चे की बीच में 6 फीट की दूरी रखी जाएगी।

एक दिन पहले सुप्रीम कोर्ट ने दोनों प्रश्न पत्रों को रद्द करने वाली याचिका खारिज की थी
इससे एक दिन पहले सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं के बचे दो प्रश्न-पत्र की परीक्षा रद्द करने की मांग वाली याचिका रविवार को खारिज कर दिया था। कोर्ट ने कहा था कि शैक्षणिक संस्थाओं में कोर्ट को न्यूनतम दखल देना चाहिए। हालांकि, आरबीएसई और आईसीएसई जैसे सेंट्रल बोर्ड तक ने अपनी बची हुई परीक्षा कैंसिल कर दी थी। ऐसे में राजस्थान सरकार के इस फैसले से अभिभावकों में भी नाराजगी है।

(फोटो: रिंकू गधेनिया, मुकेश परिहार, फतेहलाल, पंकज बागड़ा)