- अभी तक 7,875 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं, रिकवरी रेट 60 फीसदी से ज्यादा
- राज्य में 4,858 मरीजों का इलाज चल रहा है, कुल 385 मरीज दम तोड़ चुके हैं
दैनिक भास्कर
Jun 14, 2020, 11:48 AM IST
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैलता जा रहा है। शनिवार को 503 नए मिले। राज्य में अब तक 13,118 मरीज कोरोना मरीज हो गए हैं। इनमें से 7,875 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। रिकवरी रेट 60 फीसदी से ज्यादा चल रहा है। 4,858 मरीजों का उपचार चल रहा है। कुल 385 मरीज दम तोड़ चुके हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रमिक-कामगारों को रोजगार देने के लिए उद्योगों और सेवा प्रदाता संगठनों को मैन पावर सप्लाई करने के लिए एक मोबाइल एप तैयार करने के निर्देश दिए हैं। योगी ने कहा कि मानव संसाधन उद्योग जगत की रीढ़ है। यही रीढ़ अब बड़ी संख्या में श्रमिक के रूप में प्रदेश में उपलब्ध है। श्रमिकों ने अपने पसीने से समाज और राष्ट्र का निर्माण किया है। प्रदेश में आए कामगारों और श्रमिकों के श्रम से अब उत्तर प्रदेश का नव-निर्माण होगा।
कोरोना अपडेट्स..
आगरा में दो संक्रमितों की मौत, 15 नए केस भी मिले
यहां कमला नगर निवासी 50 साल और एक अन्य 51 साल के व्यक्ति की कोरोना संक्रमण की वजह से शनिवार को मौत हो गई। दोनों मरीज पहले से बीमार थे। मृतकों की संख्या अब 60 हो गई है। शनिवार को 15 नए केस मिले। अब संक्रमितों की संख्या 1035 हो गई है। इनमें 115 केस एक्टिव हैं।
वाराणसी: इंजीनियर समेत तीन लोग मिले कोरोना पॉजिटिव
भेलूपुर के सरायनंदन निवासी लैब इंजीनियर समेत तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके साथ शहर में मरीजों की संख्या 270 तक पहुंच गई।अभी तक 7 मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। जिले में 181 स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, बीएचयू के ट्रामा सेंटर से वेंटिलेटर चोरी हो गया। घटना को लेकर लंका थाने में केस दर्ज कराया गया है।

- चंदौली: जिले में शनिवार को एक बच्चे समेत पांच प्रवासी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इनमें से 3 मुंबई, एक दिल्ली और एक गुरुग्राम से आया है। ये सभी जनपद शहाबगंज ब्लॉक के सारिंगपुर, झेंगुरी, चंदौली ब्लॉक के पनपुरा-बबूरी और बिसौरी, चहनियां ब्लॉक के लोलपुर बलुआं के रहने वाले हैं।
- मैनपुरी: जिले में शनिवार को पांच नए कोरोना संक्रमित मिले। जबकि एक की मौत हो गई। संक्रमितों की संख्या बढ़कर 122 हो गई। इनमें 51 मरीज को ठीक हो चुके हैं। अभी 66 एक्टिव केस हैं। उधर, सैफई में जिले के एक कैंसर पीड़ित कोरोना संक्रमित वृद्ध ने दम तोड़ दिया। जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या पांच हो गई है।
- बिजनौर: जिले के अम्हेड़ा गांव में तीन लोग और कोरोना पॉजिटिव मिले। नए मरीज दिल्ली और मुंबई से लौटे प्रवासी मजदूर हैं। ये सभी होम क्वारैंटाइन में थे। सभी को उपचार के लिए कोविड केयर सेंटर स्वाहेडी में भर्ती कराया गया है।
- गोरखपुर: जिले में शनिवार को 12 कोरोना पॉजिटिव पाए गए। कुल संक्रमितों की संख्या 163 हो गई है। सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि नए केस में दो मियां बाजार, पांच बांसगांव, दो पिपराइच, एक खोराबार और एक बीआरडी की स्टाफ नर्स हैं।
- मेरठ: जिले में कोरोना पॉजिटिव मिलने का सिलसिला कम नहीं हो रहा है। शनिवार देर रात तक सामने आई सैंपल रिपोर्ट में स्वास्थ्य विभाग ने 23 नए मरीज मिलने की पुष्टि की। जिले में अब तक 605 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। एक दैनिक अखबार का फोटोग्राफर भी कोरोना पॉजिटिव मिला। उसे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मुलायम सिंह यादव मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया है।
इन जिलों में मिले 503 नए केस
कानपुर नगर 50, नोएडा में 49, लखनऊ 44, मेरठ में 23, गाजियाबाद में 20, मुजफ्फरनगर में 19, हापुड़, बुलंदशहर में 18-18, बागपत में 17, वाराणसी, इटावा में 16-16, आगरा में 14, मुरादाबाद में 11, अलीगढ़ में 10, संभल, हाथरस, जौनपुर में 9-9, बस्ती, रामपुर, जालौन में 8-8, बरेली में 7, अयोध्या, झांसी, मैनपुरी में 6-6, प्रयागराज, पीलीभीत में 5-5, सोनभद्र, शाहजहांपुर में 4-4, बलिया, अयोध्या, गाजीपुर, बहराइच, सुल्तानपुर, शामली, कासगंज, आजमगढ़, सिद्धार्थनगर में 3-3, मऊ, कौशाम्बी, इटावा, प्रतापगढ़, रायबरेली, लखीमपुर खीरी, अंबेडकरनगर, उन्नाव, औरैया, प्रतापगढ़, फरुर्खाबाद में 2-2, गोरखपुर, गोंडा, सीतापुर, मिर्जापुर, एटा, हाथरस, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, भदोही, सीतापुर, संतकबीरनगर, बिजनौर, अमेठी में एक-एक नए मरीज मिला।
